
वाशिंगटन। हैरी पॉटर एक ऐसा नाम, जो दुनियाभर के बच्चों के जुबान से आपको सुनने को मिल जाएगा। बच्चों के बीच अपने खास अंदाज को लेकर लोकप्रिय हो चुके काल्पनिक किरदार हैरी पॉटर को लेकर अब अमरीका से बुरी खबर सामने आई है।
दरअसल, अमरीका के नैशविले स्थित स्कूल के पादरी ने हैरी पॉटर किताब पर रोक लगा दी है। पादरी ने यह फैसला कुछ तथाकथित आत्माओं पर नियंत्रण करने वाले ओझाओं के आदेश पर लिया है।
ओझाओं ने पादरी को बताया कि हैरी पॉटर उपन्यास का इस्तेमाल आत्माओं को बुलाने के लिए किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि जादू-टोना करने वाले अमरीका और रोम के ओझाओं से पादरी रेवरएंड डैन रीहील ने मुलाकात की और इस संबंध में कुछ जानना चाहा। इसपर ओझाओं ने उन्हें सलाह दी कि टेनेसी स्थित सेंट एडवर्ड कैथोलिक स्कूल के पुस्तकालय से ये किताबें हटा दी जाए।
अमरीका और ब्रिटेन के कई स्कूलों में लग चुका है प्रतिबंध
स्थानीय मीडिया में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, रेवरएंड का ई-मेल सामने आया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि हैरी पॉटर में शाप और मंत्र का उल्लेख किया गया है। इसे पढ़ने पर बुरी आत्माओं के आने का खतरा है।
कैथोलिक धर्मप्रांत नैशविले की स्कूल अधीक्षक रेबेका हैम्मल ने द टेनेसियन अखबार से कहा कि स्कूल में मौजूद इन किताबों को हटाया नहीं जाएगा, लेकिन बच्चों को इसे पढ़ने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि रेवरएंड डैन रीहील को यह अधिकार है कि वे इस विषय पर फैसला ले सकें।
गौरतलब है कि, 1997 में हैरी पॉटर श्रृंखला की किताब लॉंच हुई थी। यह किताब अच्छी और बुरी आत्माओं पर आधारित है। ब्रिटिश उपन्यासकार जेके रॉउलिंग ने हैरी पॉटर उपन्यास को लिखा है।
इससे पहले कई ऐसे मौके आए हैं जब इस उपन्यास पर काला जादू को बढ़ावा देने के आरोप लगे। जिसके कारण ब्रिटेन और अमरीका के कई स्कूलों में इसे प्रतिबंधित भी किया जा चुका है।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.