फिनलैंड की राजधानी हेल्सिंकी में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के बीच 16 जुलाई को एक महत्वपूर्ण शिखर वार्ता होगी।
न्यूयॉर्क। मौजूदा वैश्विक सियासत में एक-दूसरे के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले अमरीका और रूस के बीच जल्द ही बड़ी बातचीत होने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के बीच 16 जुलाई को एक महत्वपूर्ण शिखर वार्ता होगी। यह बातचीत फिनलैंड की राजधानी हेल्सिंकी में आयोजित की जाएगी। गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच कई दशकों से गहरे मतभेद हैं। दोनों को सैन्य, आर्थिक और कूटनीतिक समेत कई अहम मोर्चों पर एक-दूसरे का प्रतिद्वंद्वी माना जाता है।
...ऐसे बनी वार्ता पर सहमति
इससे पहले रूसी राष्ट्रपति के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उसाकोव ने पुतिन और ट्रंप के बीच किसी तीसरे देश में शिखर वार्ता होने की बात कही थी। वार्ता की तारीख और स्थान की घोषणा क्रेमलिन और व्हाइट हाउस साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेंगे। पुतिन के साथ अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन के बीच बैठक में यह सहमति बनी।
ये हो सकते हैं बातचीत के मुद्दे
- परमाणु हथियारों पर रोक लगाना
- सीरिया और यूक्रेन की स्थिति
- उत्तर कोरिया-अमरीका के बीच बातचीत
- ईरान के परमाणु समझौते से अमरीका का बाहर निकलना
दोनों के इन मसलों पर गहरे मतभेद
शीत युद्ध के बाद द्विपक्षीय संबंध सबसे खराब दौर में हैं। सीरिया और यूक्रेन के मसलों को लेकर भी दोनों में गंभीर मतभेद हैं। एक तरफ सीरिया में अमरीका द्वारा असद सरकार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर रूस नाराज तो वहीं अमरीका में साल 2016 में हुए चुनाव में रूस के दखल से पुतिन की छवि में गिरावट आई। इसके अलावा उत्तर कोरिया से बातचीत में रूस को दूर रखना भी दोनों के बीच मतभेद की अहम वजह माना जा रहा है।