विश्‍व की अन्‍य खबरें

अमरीका ने दिया भारत को झटका, गणतंत्र दिवस पर बतौर चीफ गेस्ट नहीं आएंगे डोनाल्ड ट्रंप

गणतंत्र दिवस पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बतौर चीफ गेस्ट भारत आना संभव नहीं है
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2018, 7:25 AM IST
india usa
अमरीका ने दिया भारत को झटका, गणतंत्र दिवस पर बतौर चीफ गेस्ट नहीं आएंगे डोनाल्ड ट्रंप

नई दिल्‍ली। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गणतंत्र दिवस पर भारत आने का न्योता ठुकरा दिया है। भारत ने उन्हें गणतंत्र दिवस के मौके पर बतौर चीफ गेस्‍ट भारत आने के लिए आमंत्रित किया था। इस बात के कयास बहुत दिन से लगाए जा रहे थे कि अमरीकी राष्ट्रपति का भारत दौरा फिलहाल मुश्किल है। अब अमरीकी अधिकारियों ने इस बात पर मुहर लगा दी है। इस आशय की घोषणा करते हुए अमरीकी अधिकारियों द्वारा हाल ही में भारत के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को एक पत्र सौंपा गया है।

खटाई में ट्रंप का दौरा

गणतंत्र दिवस पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बतौर चीफ गेस्ट भारत आना संभव नहीं है। बताया जा रहा है कि इसी समयावधि में कुछ अन्य कार्यक्रमों के चलते डोनाल्ड ट्रंप अमरीका में व्यस्त रहेंगे इसलिए उनका भारतीय गणतंत्र दिवस पर चीफ गेस्ट के तौर पर शामिल होना मुश्किल है। ट्रंप के आने की मुश्किलों के पीछे उनका जनवरी में होने वाला स्टेट ऑफ यूनियन का संबोधन है, जो 26 जनवरी के आसपास ही होने की संभावना है। अमरीकी वाइट हाउस के एक अधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारत को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। बता दें कि भारत सरकार अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अगले वर्ष के गणतंत्र दिवस के लिए आमंत्रित करना चाह रही थी। अब वाइट हाउस का कहना है कि नवंबर 2018 से लेकर जनवरी में होने वाले स्टेट ऑफ यूनियन के संबोधन तक अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप काफी व्यस्त रहेंगे।

क्या है दिक्क्तें

आपको बता दें कि अमरीका में राष्ट्रपति द्वारा दिए जाने वाला स्टेट ऑफ यूनियन संबोधन बेहद अहम होता है। यह अमरीकी राष्ट्रपति की ओर से कांग्रेस को दिया जाने वाला एक प्रमुख भाषण है। इस भाषण में अमरीकी राष्ट्रपति पूरे वर्ष के लिए अपने कार्यक्रमों का एजेंडा पेश करने के साथ ही पीछे वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी कांग्रेस सदस्यों को देते हैं। यह भी ध्यान में रखना होगा कि जनवरी में ट्रंप के पहले से कई अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम तय हो चुके हैं। भारतीय पक्ष को ट्रंप के आने के उम्मीद इसलिए अधिक थी क्योंकि पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने स्टेट ऑफ यूनियन संबोधन के बावजूद 2015 में गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया था। भारत में अगले साल मई तक होने वाले लोकसभा चुनाव भी दौरा रद्द होने का कारण हो सकते हैं।

नाराज हैं ट्रंप ?

डोनाल्ड ट्रंप के भारत न आने के पीछे एक और शंका जाहिर की जा रही है। कहा जा रहा है कि ट्रंप भारत के रूस से समझौता करने और ईरान से तेल आयात न बंद करने से बुरी तरह से चिढ़े हुए हैं। ट्रंप ने हाल में ही भारत की कर नीतियों की जमकर आलोचना की थी। हाल में ही जब उनसे पूछा गया था कि रूस के साथ डिफेंस डील करने पर क्या भारत के खिलाफ कोई कार्रवाई होगी, ट्रंप ने कहा था कि इस बारे में सबको जल्दी ही पता चल जाएगा। बता दें कि पीएम मोदी ने अपनी यात्रा के दौरान ट्रंप को भारत आने का निमंत्रण दिया था

Published on: