
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर मीडिया पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मीडिया उनके और उनकी पार्टी के खिलाफ अपने राजनीतिक नंबर बढ़ाने के लिए एक व्यक्ति के कुटिल कार्यों का इस्तेमाल कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने ‘व्यक्तिगत नुकसान पहुंचाने की राजनीति’ खत्म करने की अपील की है।
यह बातें उन्होंने उत्तरी कैरोलीना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहीं। जबकि इसके कुछ ही घंटे पहले पुलिस ने फ्लोरिडा के 56 वर्षीय एक व्यक्ति को पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन सहित सरकार के 10 मौजूदा एवं पूर्व उच्चाधिकारियों को ‘पैकेज बम’ भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
ट्रंप ने कहा कि राष्ट्र का एकीकरण करने में मीडिया की एक प्रमुख भूमिका है । उन्होंने कहा कि- ’अमरीका में राजनीतिक हिंसा को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैं अपनी पूरी क्षमता के साथ इसे रोकने के लिए कुछ भी करुंगा।’
इस मौके पर ट्रंप के समर्थकों ने सीएनएन के खिलाफ नारेबाजी भी की। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि- मीडिया उनके और उनकी रिपब्लिकन पार्टी के प्रति निष्पक्ष नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया ने पैकेज बम की हालिया घटनाओं को उनसे और उनकी रिपब्लिकन पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया जा रहा है कि पैकेज बम की हालिया घटनाओं के बाद रिपब्लिकन ने आगामी 6 नवंबर को होने वाले चुनाव में अपना कुछ आधार गंवा दिया है। ट्रंप ने अपने समर्थकों से कहा कि मीडिया में उनके बारे में छपी 94 फीसदी खबरें नकारात्मक होती हैं। बता दें, सीएनएन के न्यूयार्क ब्यूरो को उस वक्त खाली कराना पड़ गया था, जब वहां एक विस्फोटक पाया गया।
Published on:
27 Oct 2018, 9:54 PM IST
बड़ी खबरें
View Allअमरीका
विदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.