
न्यूयार्क। अमरीका ने पाकिस्तान को एक और झटका देते 1.66 बिलियन डॉलर की मदद पर रोक लगा दी है।अमरीका ने कहा है कि पाक ने आतंकी समूहों को खत्म करने के लिए कोई भी कदम नहीं उठाया। पिछले पांच दिन में अमरीका द्वारा पाकिस्तान को मिलने वाला यह दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि पाकिस्तान ने अमरीकी मदद के बदले अमरीका के लिए कुछ भी नहीं किया। ट्रंप यहीं पर नहीं रुके थे, उन्होंने अपने बयान के बाद ट्वीट कर पाकिस्तान को ओसामा बिन लादेन को पनाह देने के लिए जमकर लताड़ा था।
अमरीका ने रोकी मदद
अमरीका ने ट्रंप के आरोपों के बाद पाकिस्तान को दी जाने वाली 1.66 बिलियन डॉलर की मदद पर रोक लगा दी है। इससे पहले सोमवार को भी राष्ट्रपतिट्रंप ने पाक को दी जाने वाली मदद रोकने की बात कही थी। अब एक और बड़ा कदम उठाते हुए अमरीका ने पाकिस्तान को दी जाने वाले 1.66 बिलियन डॉलर की सुरक्षा सहायता पर रोक लगा दी है। अमरीकी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल रॉब मैनिंग ने इस खबर की पुष्टि की है। पिछले साल अगस्त में दक्षिण एशिया को लेकर अपनी नीति की घोषणा करते हुए ट्रंप ने पाकिस्तान को आतंकियों का सुरक्षित स्वर्ग बताया था। उस वक्त अमरीकी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान को आगाह किया था आतंकियों की मदद करने की गंभीर परिणाम होंगे। लेकिन पाकिस्तान ने अमरीका की इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। उसके बाद सितंबर में ट्रंप प्रशासन ने 30 करोड़ डॉलर की सैन्य मदद पर रोक लगा दी थी। अमरीका ने तब आरोप लगाया था कि पाकिस्तान ने आतंकी संगठनों के खिलाफ कुछ नहीं किया है।
बढ़ सकती हैं पाकिस्तान की मुश्किलें
अमरीकी प्रशासन के इस फैसले से पाकिस्तान के लिए नई मुश्किलें पैदा हो गई हैं। पाकिस्तान इन दिनों खुद अपनी आर्थिक तंगी से परेशान है। पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात और चीन से भरी कर्ज लिए हैं। पाकिस्तान ने आईएमएफ से बेल आउट पॅकेज की भी डिमांड की थी, लेकिन आईएमएफ ने उसकी अर्जी ठुकरा दी है। ऐसे में पाकिस्तान की सामने नई मुश्किल खड़ी हो गई है। बता दें कि पाकिस्तान आर्थिक बदहाली का इस कदर शिकार है कि उसे पीएम हाउस की कारें, भैंसें और हेलीकॉप्टर तक बेचना पड़ा है।