शादी के 2 साल बाद स्टेनो पति को पता चला कि पत्नी का एक डॉक्टर तथा एक अन्य युवक से संबंध है। आरोप है की पत्नी अपने दो प्रेमियों के साथ मिलकर पति को प्रताड़ित करने का काम करती थी। जिससे परेशान मोहित ने मौत को गले लगा लिया। इस मामले में पत्नी समेत 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां सिविल कोर्ट में स्टेनो के पद पर तैनात एक युवक ने कथित घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने पत्नी समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा के रहने वाले मोहित सिविल कोर्ट में स्टेनो के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2023 में उनका विवाह ज्योति (परिवर्तित नाम) से हुआ था। जो पेशे से नर्स हैं। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही मोहित की जिंदगी में परेशानियां बढ़ने लगीं। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद पत्नी के अन्य पुरुषों से संबंध होने की जानकारी मोहित को मिली थी। जिससे दांपत्य जीवन में तनाव पैदा हो गया।
मृतक के पिता मुनेश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बहू के एक डॉक्टर और एक अन्य युवक से नजदीकी संबंध थे। जब मोहित ने इसका विरोध किया तो उसे लगातार धमकाया जाने लगा। आरोप है कि पत्नी, उसके कथित प्रेमी और कुछ अन्य लोग मिलकर मोहित को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। इस दबाव के कारण मोहित काफी समय से तनाव में था।
परिजनों का कहना है कि प्रताड़ना से परेशान होकर मोहित ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मोहित ने अपने साथ हो रही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का जिक्र किया है।
मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मोहित की पत्नी, उसके दो कथित प्रेमियों समेत कुल 12 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जान से मारने की धमकी देने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की गहन जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मामले को लेकर एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि विवाह को करीब दो साल हो चुके थे। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।