मुरादाबाद

सपा पर अवैध कब्जे के आरोप, प्रशासन कर रहा कार्रवाई! भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- सपा का यही चरित्र

Moradabad News: मुरादाबाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सपा कार्यालय विवाद पर सपा पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन नियमों के अनुसार कार्रवाई कर रहा है और अखिलेश यादव के आरोप निराधार हैं।
2 min read
bjp alleges illegal encroachment on sp office moradabad
सपा पर अवैध कब्जे के आरोप | Image Source - 'X' @Bhupendraupbjp

SP Office Moradabad News: मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यालय को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने शनिवार को इस मामले पर पहली बार खुलकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का यही चरित्र रहा है कि वह हमेशा अनैतिक और अवैध कब्जों को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन नियमों और कानूनों के अनुसार ही कार्रवाई कर रहा है। सपा कार्यालय की लीज समाप्त हो चुकी है और नियमों के मुताबिक इसे खाली कराना अनिवार्य है।

अखिलेश यादव के आरोपों पर भाजपा का जवाब

भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यालयों पर कहीं भी अवैध कब्जा नहीं हुआ है और सभी कार्यालय नियमानुसार संचालित किए जा रहे हैं। भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा और कांग्रेस फर्जी इंटरनेट मीडिया अकाउंट और नकारात्मक एजेंडा फैलाने का काम कर रही हैं। उनका यह भी कहना था कि टेरर फंडिंग के मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे आतंकवादी यासीन मलिक के दावे पुराने सरकारों के संरक्षण से जुड़े हुए हैं।

प्रदेश सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बिलारी के निरीक्षण भवन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा के दौरान जान गंवाने वाले परिवारों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने आपदा के तुरंत बाद प्रशासन को अलर्ट किया और आर्थिक मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने की बैठक

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, ऋषिपाल सिंह, लवली यादव, विकास गुप्ता, रवि पासी, पंकज चौहान, गीता चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और भविष्य की योजनाओं पर जानकारी दी। भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं को सपा के अवैध और अनैतिक दावों के खिलाफ जागरूक रहने की भी हिदायत दी।

Published on:
21 Sept 2025 05:20 pm