असमोली से भाजपा की सरला देवी और जुनावाई से दिव्य प्रकाश यादव विजयी हुए।
मुरादाबाद: सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही भाजपाइयों ने जिला पंचायतों और ब्लाक प्रमुख की कुर्सियों पर कब्जे की जंग शुरू कर दी थी। जिसमें अब वो अपने मंसूबों में कामयाब होती दिख रही है। कुछ यही आज संभल में दो ब्लाकों में हुए मतदान में देखने को मिला। भाजपा ने यहां सपा से दोनों कुर्सियां छीन लीं। असमोली से भाजपा की सरला देवी और जुनावाई से दिव्य प्रकाश यादव विजयी हुए। माहौल के देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये थे। वहीँ जीत के बाद भाजपाइयों ने जमकर जश्न मनाया।
बीती सपा सरकार दौरान असमोली ब्लाक में राशिदा बेगम ब्लाक प्रमुखी बनी थीं। जबकि जुनावई ब्लाक से मुकेश यादव ब्लाक प्रमुख बने थे। सूबे में भाजपा की सरकार बनने के साथ भाजपाइयों ने गोट बिछाना शुरू की। इसमें सबसे पहले भाजपाइयों ने पवांसा ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर भाजपा प्रत्याशी को जीत दिलाई। भाजपाई यही नहीं रुके और असमोली व जुनावई ब्लाक प्रमुख के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए। बीते कई महीने से रिक्त चल रहे असमोली और जुनावई ब्लाक प्रमुख पद को भरने के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न हुआ। सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर गहमा गहमी शुरू हो गयी थी। दोनों ही ब्लाकों में शतप्रतिशत मतदान हुआ।
असमोली ब्लाक में कुल तीन उम्मीदवार माधोवती, सरला देवी और अन्नू प्रत्याशी थी। भाजपा की सरला देवी को 53 वोट मिले। जबकि माधोवती को 45 और अन्नू को एक भी वोट नहीं मिला। इसलिए सरला देवी आठ वोटों से जीत गयीं। उधर जुनावई ब्लाक में भाजपा के दिव्य प्रकाश यादव और सपा से सुमित यादव उम्मीदवार थे। सुमित यादव को महज सात वोट और दिव्य प्रकाश यादव को 34 वोट मिले। इस प्रकार भाजपा के दिव्य प्रकाश यादव ने 27 वोटों से जीत प्राप्त की।
जीत के बाद भाजपाइयों ने जमकर जश्न मनाया। जबकि हारे हुए उम्मीदवारों ने इसे सत्ता का दुरपयोग बताया और कहा कि सदस्यों को धन बल और बाहुबल से कब्जे में लिए गया है। प्रशासन की मंशा पर भी सवाल उठाये।