मुरादाबाद

चमचमाती क्रेटा से बकरी चोरी करने निकले थे ‘रईस’ चोर, लोगों ने बीच सड़क पर सिखा दिया कायदे का सबक

Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बकरी चोरी कर भाग रहे तीन आरोपी क्रेटा कार समेत खाई में गिर गए। ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए।
2 min read
creta goat theft rampur accident
चमचमाती क्रेटा से बकरी चोरी करने निकले थे 'रईस' चोर | AI Generated Image

Creta Goat Theft Rampur: यूपी के रामपुर जिले के केमरी थाना क्षेत्र के स्वार खुर्द गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब देर रात तीन युवक एक सफेद रंग की क्रेटा कार से गांव में दाखिल हुए। ग्रामीणों के अनुसार, तीनों ने पहले इलाके का जायजा लिया और फिर मौका देखकर जागन लाल के घर के बाहर बंधी बकरी को निशाना बनाया। चाकू से रस्सी काटकर बकरी को जबरन कार में ठूंस दिया गया और फरार होने लगे।

बच्चों के शोर ने खोल दी चोरों की पोल

घटना को गांव के कुछ बच्चों ने अपनी आंखों से देख लिया। जैसे ही बच्चों ने शोर मचाया, आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। कुछ ही पलों में गांव के कई लोग कार के पीछे-पीछे दौड़ने लगे। चोरों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन गांव के बाहर रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद होने के कारण उन्हें अचानक रास्ता बदलना पड़ा।

खाई में गिरी कार, मौके पर मचा हड़कंप

रेलवे फाटक बंद देख आरोपी दूसरी दिशा में मुड़ने लगे। ग्रामीणों को नजदीक आता देख ड्राइवर घबरा गया और कार पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार में दौड़ रही कार सड़क किनारे बनी खंती में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग और ज्यादा संख्या में जुट गए।

चाकू लहराते हुए भागे दो साथी

हादसे के बाद कार में सवार दो युवक हाथों में चाकू लिए मौके से फरार हो गए। हालांकि तीसरा युवक भाग नहीं पाया और ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। गुस्साए ग्रामीणों ने उसे पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

ड्राइवर होने का दावा, जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही केमरी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान के अनुसार पकड़ा गया युवक खुद को कार का ड्राइवर बता रहा है और उसका कहना है कि उसने कार किराए पर ली थी। फिलहाल किसी ग्रामीण की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश देने की तैयारी चल रही है।

Updated on:
02 Mar 2026 01:20 pm
Published on:
02 Mar 2026 01:20 pm