Moradabad News: मुरादाबाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी के अश्लील फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर वायरल कर दिए।
Husband leaked wife private video Moradabad: रिश्तों की पवित्रता और विश्वास को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ही पति पर धोखे और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। पति ने न केवल पत्नी के भरोसे का खून किया, बल्कि उसकी मर्यादा को सोशल मीडिया के बाजार में नीलाम करने की भी कोशिश की।
पीड़िता के अनुसार, उसका पति लंबे समय से उसे धोखे में रख रहा था। शादी के बाद साथ बिताए गए कुछ निजी पलों को आरोपी ने चोरी-छिपे कैमरे में कैद कर लिया। महिला को इस बात की भनक तक नहीं थी कि जिसे वह अपना हमसफर मान रही है, वही उसकी जिंदगी बर्बाद करने का जाल बुन रहा है। पति-पत्नी के बीच चल रहे आपसी विवाद ने जब तूल पकड़ा और मामला कोर्ट तक पहुंचा, तो आरोपी ने इन निजी वीडियो को हथियार की तरह इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।
बदले की आग में जल रहे आरोपी ने इंस्टाग्राम पर एक फर्जी प्रोफाइल बनाई। इस आईडी का इस्तेमाल उसने किसी और के लिए नहीं, बल्कि अपनी ही पत्नी की छवि को धूमिल करने के लिए किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो को सार्वजनिक कर दिया, जिससे उसे न केवल सामाजिक अपमान झेलना पड़ा बल्कि वह गहरे मानसिक तनाव में भी है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है, लेकिन इस बार उसने मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ दीं।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने मोर्चा संभाला है। पीड़िता की शिकायत पर मझोला पुलिस ने आईटी एक्ट (IT Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों को जुटा रही है और उस फर्जी इंस्टाग्राम आईडी की डिटेल खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर टीम की मदद से आरोपी की लोकेशन और गतिविधि को ट्रैक किया जा रहा है और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।