UP Crime: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में जज की पिता की हत्या कर दी गई। 10 लाख की रंगदारी न देने पर बदमाश ने सिर में गोली मार दी।
Moradabad: मुरादाबाद के फेमस बेकर्स' के संचालक मोहम्मद असद (62) की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब वह नमाज पढ़ने जा रहे थे। कत्ल का आरोप मृतक के साले मोहम्मद जफर पर लगा है। वह हिस्ट्रीशीटर भी है। जांच में हत्या की वजह 10 लाख रुपये की रंगदारी न देना सामने आ रही है।
घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे की है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की जिगर कॉलोनी के निवासी मोहम्मद असद अपने बड़े साले मुजाहिद के साथ स्कूटी पर सवार होकर नागफनी इलाके की लाल मस्जिद में तरावीह की नमाज पढ़ने जा रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी बंगला गांव चौराहे के पास पहुंची तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर मोहम्मद असद का छोटा साला मोहम्मद जफर अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। चश्मदीदों के अनुसार, हमलावरों ने स्कूटी के पास बाइक सटाई और जफर ने पिस्टल निकालकर सीधे असद के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही असद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जफर हुसैन एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि जफर काफी समय से अपने जीजा मोहम्मद असद से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। इस संबंध में दिसंबर माह में मझोला थाने में एक मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इतना ही नहीं जफर का अपने सगे भाई मुजाहिद के साथ भी संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मुजाहिद ने भी जफर के खिलाफ धोखाधड़ी और मकान पर अवैध कब्जे का मामला दर्ज करा रखा था। इसी रंजिश और रंगदारी न मिलने के कारण जफर ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।
मोहम्मद असद का परिवार शहर के प्रतिष्ठित परिवारों में गिना जाता है। उनके परिवार में पत्नी मीना, बेटा अरीब और तीन बेटियां हैं। बेकरी संचालक की बेटी और दामाद दोनों जज हैं। बेटी की पोस्टिंग बुलंदशहर में बताई जा रही है। पिता की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं।
इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नागफनी पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। इसके साथ ही एसओजी (SOG) और सर्विलांस सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि हमलावरों की लोकेशन का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मुख्य आरोपी जफर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।