Moradabad News: मुरादाबाद में गन्ने के खेत से तेंदुए के तीन नवजात शावक मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
Leopard Cubs Found Moradabad:मुरादाबाद जिले के बिलारी ब्लॉक स्थित गांव तुरखेड़ा में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गन्ने के खेत में काम कर रहे मजदूरों को तेंदुए के तीन नवजात शावक दिखाई दिए। दोपहर करीब 2:30 बजे हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। खेत में काम कर रहे मजदूरों ने जैसे ही छोटे-छोटे शावकों को देखा, उन्होंने तुरंत काम रोक दिया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार गांव तुरखेड़ा निवासी के फार्म हाउस के पास गन्ने की कटाई चल रही थी। इसी दौरान मजदूरों को गन्ने की जड़ों के बीच छिपे तीन शावक नजर आए। इन शावकों की उम्र महज 3 से 4 दिन बताई जा रही है, जिससे यह साफ है कि मादा तेंदुआ हाल ही में यहां आई होगी और बच्चों को सुरक्षित जगह पर छोड़ गई होगी।
घटना की सूचना मिलते ही खेत मालिक ने तुरंत वन विभाग को अवगत कराया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। टीम में वन दरोगा रामचरण सिंह, वनरक्षक अर्जुन सिंह और चौकीदार मुनेश कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और शावकों की सुरक्षा के लिए निगरानी शुरू कर दी है।
जैसे ही इस घटना की खबर आसपास के गांवों में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। तेंदुए के शावकों को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। भीड़ बढ़ने से स्थिति संवेदनशील हो गई, जिसे देखते हुए वन विभाग ने लोगों को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शावकों के पास जाने से बचें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि शावकों की मां आसपास ही हो सकती है, जो किसी भी समय आ सकती है और खतरा पैदा कर सकती है। विभाग ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया है कि यदि जरूरत पड़ी तो शावकों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की कार्रवाई की जा सकती है, हालांकि फिलहाल उन्हें उनकी मां के पास ही सुरक्षित रखने की रणनीति अपनाई जा रही है।