
बंगाल फतह के बाद भाजपा का मिशन यूपी..
Akhilesh Yadav vs BJP: पश्चिम बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से हराकर जायंट किलर के रूप में उभरे शुभेंदु अधिकारी ने अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। जीत का सर्टिफिकेट मिलते ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अब विपक्ष के अन्य नेताओं की तरह उनका भी नंबर आने वाला है। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि बीजेपी अब 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक रूप से विपक्ष को घेरने में जुट गई है।
जश्न के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी पर महिला आरक्षण बिल को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर सपा का रवैया हमेशा नकारात्मक रहा है और यूपी की महिलाएं इसे कभी माफ नहीं करेंगी। वहीं शुभेंदु अधिकारी ने भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह ममता बनर्जी, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे नेता राजनीतिक रूप से कमजोर हुए हैं, उसी तरह 2027 में अखिलेश यादव का भी प्रभाव खत्म हो जाएगा।
बीजेपी के इन हमलों पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए जोरदार पलटवार किया। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का हवाला देते हुए बीजेपी सरकार से मांग की कि वह 2027 के यूपी चुनाव में महिला आरक्षण लागू करने की स्पष्ट घोषणा करे। अखिलेश ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि बीजेपी ऐसा नहीं करती तो यह साफ हो जाएगा कि वह महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है।
शुभेंदु अधिकारी के बयान के बाद उत्तर प्रदेश में उनकी भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच पर जाकर आशीर्वाद लिया था, जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें यूपी में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। बीजेपी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार पार्टी अब यूपी में विपक्ष को कमजोर करने के लिए आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है और अखिलेश यादव को सबसे बड़ी चुनौती मान रही है।
शुभेंदु अधिकारी के बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी सियासी संग्राम तेज हो गया है। अखिलेश यादव के समर्थकों ने जोरदार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह ‘फ्लावर नहीं फायर’ हैं और उन्हें सत्ता से हटाना आसान नहीं होगा। पीडीए के समर्थन में जुड़े मतदाताओं के बीच बीजेपी के इन बयानों को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है, जिससे साफ है कि आने वाले समय में यूपी की राजनीति और भी ज्यादा गर्म होने वाली है।
Updated on:
05 May 2026 06:44 pm
Published on:
05 May 2026 06:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
