मुरादाबाद

यूपी के इस शहर में महज इस बात पर युवक की सरियों से पीटकर हत्या

दबंगों ने एक युवक को सरियों से पीट पीट कर मार डाला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गयी।
2 min read
• •
Updated: 14 Jul 2018, 9:59 PM IST
moradabad
यूपी के इस शहर में महज इस बात पर युवक की सरियों से पीटकर हत्या

मुरादाबादल: जनपद बिलारी थाना क्षेत्र में आज शाम मामूली कहासुनी पर दबंगों ने एक युवक को सरियों से पीट पीट कर मार डाला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने ग्रामीणों ने खासा हंगामा भी किया। किसी तरह पुलिस अधिकारीयों ने कार्यवाही का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। घटना के पीछे दुकान पर सामान खरीदने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों ने हाइवे भी जाम करने की कोशिश की।

इस बात पर हुआ झगड़ा

जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के गांव मकरंदपुर कलां निवासी जयवीर सिंह के दो बेटे ओमवीर सिंह व खड़ग सिंह हैं। छोटा बेटा खड़ग सिंह चने बेचने का काम करता है। वह दोपहर तीन बजे अपने चचेरे भाई टीटू के साथ धर्मपुरकलां गांव पर स्थित पायल मेडिकल स्टोर पर अपनी बाइक से आया था। उसने मेडिकल स्टोर से तीन दिन पूर्व दवा खरीदी थी। मेडिकल स्टोर संचालक से दवा महंगी होने की बात कही। यहीं पर एक टायर पंक्चर की दुकान पर तीन युवक ट्रैक्टर का टायर सही करा रहे थे। खड़ग सिंह का पैर वहां मौजूद लोगों के पैर पर पड़ गया। इसी बात को लेकर तीनों युवकों की खड़ग सिंह से हाथापाई शुरू हो गई। मेडिकल स्टोर संचालक बिलारी निवासी फिरासत अली ने बीचबचाव करा दिया।

रास्ते में की वारदात

इसके बाद खड़ग सिंह धर्मपुरकलां, जलालपुर मार्ग से होकर बाइक से जाने लगा, तभी तीनों युवकों ने ट्रैक्टर में रखी लोहे की राड निकालकर खड़ग सिंह की बाइक का पीछा शुरू कर दिया। धर्मपुरकलां से एक किलोमीटर आगे जलालपुर मार्ग पर खड़ग सिंह व उसके चचेरे भाई टीटू पर लोहे की राडों से हमला बोल दिया। हमलावरों से खड़ग सिंह पर ताबड़तोड़ लोहे की राड से वार किए। जबकि हमले में टीटू का हाथ टूट गया। किसी तरह टीटू बचकर गांव पहुंचा। घटना की जानकारी दी। तब परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना से गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। मृतक की पत्नी भूरी देवी व मां सावित्री गश खाकर गिर गई। पिता जयवीर बेसुध हो गया। मृतक के पांच बच्चे, पूजा, शीतल, मोहित, मिट्ठू आदि पिता के शव को देखकर दहाड़े मारकर रोने लगे। उधर ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई की मांग उठाते हुए हंगामा किया।

पुलिस ने दिया सख्त कार्यवाही की आश्वासन

उधर पुलिस अधिकारीयों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्यवाही की बात कही है। सीओ बिलारी रणधीर सिंह ने बताया कि मामूली कहासुनी में ये वारदात हुई है। परिजनों ने नामजद तहरीर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on: