
अधेड़ का शव मिलने से मचा हड़कंप
जौनपुर. जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव के पास शराब पीकर हुई मारपीट में एक अधेड़ की मौत हो गयी। शनिवार को सुबह हत्या कर शव पड़े होने की सूचना मिलने पर अपरपुलिस अधीक्षक संजय राय, सीओ सदर विनय कुमार द्विवेदी सहित चार थानों की फोर्स मौके पर पहुँच गई। सूचना पर फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर छानबीन किया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया।
बताते हैं कि बक्शा थाना क्षेत्र के कोहड़े सुल्तानपुर गाँव निवासी 58 वर्षीय रामचन्द्र गौतम शुक्रवार की शाम परिवार वालों से यह कह कर निकले कि वह सुबह आ जाएगें। परिवार वालों ने बताया अक्सर वे जाते तो रात अम्बेडकर मूर्ति के पास सोकर सुबह घर आते थे।
मृतक के दो पुत्रों में सबसे छोटे विनोद कुमार गौतम ने तहरीर में बताया कि सुबह सूचना मिली की पिता की हत्या हो गई है। शव अहिराबाद बीच सड़क पर पड़ा है। ग्राम प्रधान संतोष यादव ने सुबह घटना की सूचना थानाध्यक्ष को दी। पुलिस के साथ मौके पर पहुंची स्नीफर डॉग की टीम ने जांच शुरू की तो वह घटना स्थल से अम्बेडकर मूर्ति तक पहुंच और इसके बाद सीधे आरोपितों के घर तक पहुंच गई।
मृतक के पुत्र विनोद ने पुलिस को गाँव निवासी कल्लू गौतम, महावत गौतम एवं रामसुमिरन के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। बताते है कि मृतक सहित तीनों आरोपियों ने समीप स्थित शराब की दुकान पर जमकर शराब पीने के बाद में आपस में मारपीट करना शुरू कर दिए। संभावना जताई जा रही है कि रामचन्द्र की मौत पिच रोड पर सिर फटने के बाद ज्यादा खून निकल जाने से हुई।
By- जावेद अहमद
Published on:
14 Jul 2018 07:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
