देश के अलग अलग इलाकों में लगभग एक पखवाड़े तक अधिक मानसून रहा। जिससे मौसम के तापमान में अचानक बदलाव आ गया है।
मुरादाबाद: अक्टूबर के पहले हफ्ते में प्रदेश से मानसून चला गया है जबकि देश बाकि हिस्सों में भी अगले दस दिनों में मानसून विदा हो जायेगा। ये जानकारी मौसम विभाग ने जारी की है। इस बार उत्तर प्रदेश और देश के अलग अलग इलाकों में लगभग एक पखवाड़े तक अधिक मानसून रहा। जिससे मौसम के तापमान में अचानक बदलाव आ गया है। इस बदलाव के कारण ही मौसम वैज्ञानिक इस बार ठंड जल्दी आने की सम्भावना जता रहे हैं। मेरठ में कृषि संस्थान के वैज्ञानिक डॉ एन सुभाष के मुताबिक इस बार सितम्बर आखिर तक वेस्ट यूपी और अन्य इलाकों में मानसून सक्रीय रहा। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। इसके चलते अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से ठंड पड़ने के आसार हैं।
इस दिन विदा हुआ मानसून
इस सीजन में प्रदेश में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश हुई। इस समय भी मानसून बिहार और पूर्वोत्तर भारत में सक्रीय है जो अगले दस दिनों में चला जायेगा। मौसम विभाग के मुताबिक दो अक्टूबर को उत्तर प्रदेश से मानसून चला गया। वेस्ट यूपी से मानसून 29 सितम्बर को ही विदा हो गया था। मानसून इस बार देर तक सक्रीय रहा। जून और जुलाई में सामान्य से बेहद कम बारिश हुई,जिसे वेस्ट में सूखे के आसार नजर आ रहे थे। लेकिन इसके बाद जुलाई अंत और फिर अगस्त सितम्बर में बादलों ने जमकर भिगोया। सितम्बर अंतिम सप्ताह से पहले तो मानसून ने मौसम का मिजाज ही बदल दिया था। सुबह और शाम के वक्त हलकी ठंड का एहसास भी लोगों को हुआ।
इतने दिन पड़ेगी ठंड
मुरादाबाद में इस बार सामान्य से अधिक बारिश हुई है। इसके पीछे मौसम वैज्ञानिकों का तर्क है कि ये सब प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिगं के चलते हो रहा है। इस तरह के बदलाव अब सामान्य हो चले हैं। फ़िलहाल इस बार ठंड काफी कड़क और देर तक मानी जा रही है। क्यूंकि मानसून की देर तक सक्रियता ने जहां तापमान में गिरावट जारी है जो अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से फिर फरवरी और मार्च तक रहने के आसार हैं। इसलिए लोगों को ठंड के लिए कुछ ज्यादा इंतजाम इस बार करने पड़ सकते हैं।