
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर मुरादाबाद में दिखा खास उत्साह (PC: IANS)
PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर देश भर में जश्न का माहौल है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर देश के अलग-अलग हिस्सों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर लोगों की ओर से उनके लिए शुभकामनाएं और लंबी उम्र की कामना की जा रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक बेहद खास और सुखद तस्वीर सामने आई है, जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री का जन्मदिन बेहद अनोखे अंदाज में मनाया है। इस दौरान लोगों ने केक काटकर खुशियां मनाईं और देश के प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य के लिए दुआएं कीं।
मुरादाबाद में मुस्लिम महिलाएं और पुरुष एकत्र हुए और प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन का जश्न मनाया। इस दौरान लोगों ने केक काटकर एक दूसरे को मिठाइयां बांटी और बच्चों ने भी इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। जश्न के दौरान समुदाय के लोगों ने कुरान की तिलावत की और ईश्वर से प्रार्थना की कि, "प्रधानमंत्री हमेशा स्वस्थ रहें और देशवासियों की तरक्की के लिए इसी तरह निरंतर काम करते रहें।"
कार्यक्रम के दौरान एक स्थानीय मुस्लिम महिला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमने यह जश्न इसलिए आयोजित किया है क्योंकि हम बहुत खुश हैं और वे देशहित में बहुत अच्छे कार्य कर रहे हैं। वहीं एक मुस्लिम व्यक्ति ने कहा कि आज मोदी जी 76 वर्ष के हो गए हैं। इन वर्षों में उन्होंने अपना परिवार छोड़कर देश के विकास और प्रगति के लिए तमाम त्याग किए हैं। यही वजह है कि आज हम सब ने मिलकर उनकी लंबी उम्र की दुआ की है ताकि वे देश को और ऊंचाइयों पर ले जा सकें।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में श्री श्री विश्वकर्मा पूजा उत्सव को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की है। इस दौरान सीएम योगी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के यशस्वी नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को जरूर साकार करेगा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि देश को प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन लंबे समय तक मिलता रहे ताकि भारत हर क्षेत्र में और अधिक मजबूत और उन्नत बन सके।
Updated on:
17 Sept 2026 01:45 pm
Published on:
17 Sept 2026 01:12 pm
