मुरादाबाद

मुरादाबाद डकैती कांड: जेल में रातभर फूट-फूटकर रोई अरीबा, भाई से बोली- मम्मी-पापा के पास जाना है

Moradabad News: यूपी के मुरादाबाद डकैती कांड में गिरफ्तार कारोबारी की बेटी अरीबा जेल में परिवार को याद कर पूरी रात रोती रही। भाई से मुलाकात के दौरान वह फूट-फूटकर रो पड़ी और मम्मी-पापा से मिलने की जिद करती रही।
3 min read
moradabad areeba robbery jail crying
मुरादाबाद डकैती कांड..

Robbery Case Moradabad: मुरादाबाद के चर्चित करोड़ों रुपये की डकैती कांड में गिरफ्तार पीतल कारोबारी की बेटी अरीबा जेल पहुंचने के बाद पूरी तरह टूटती नजर आई। अपने ही घर में प्रेमी के साथ मिलकर डकैती करवाने के आरोप में गिरफ्तार की गई इक्कीस वर्षीय अरीबा ने महिला बैरक में पूरी रात बेचैनी में बिताई। जेल सूत्रों के अनुसार वह देर रात तक रोती रही और बार-बार अपने परिवार को याद करती रही। शुक्रवार सुबह जब उसका भाई अरीब उससे मिलने जेल पहुंचा तो अरीबा खुद को संभाल नहीं सकी और भाई के सामने फूट-फूटकर रोने लगी। उसने भाई से सिर्फ एक ही बात कही- मुझे मम्मी-पापा के पास जाना है।

भाई को देखकर छलक पड़े आंसू

जेल में मुलाकात के दौरान भाई-बहन के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान अरीबा लगातार रोती रही और अपने परिवार के बारे में पूछती रही। उसने अपने पिता की तबीयत के बारे में जानकारी ली और छोटे भाई-बहन का हाल भी पूछा। सूत्रों के मुताबिक अरीबा बार-बार यही दोहराती रही कि उसने परिवार के साथ अच्छा नहीं किया। भाई अरीब ने किसी तरह उसे शांत कराया और भरोसा दिलाया कि अगली मुलाकात में वह मम्मी-पापा को साथ लेकर आएगा। भाई के इस आश्वासन के बाद अरीबा कुछ शांत हुई।

जेल प्रशासन ने रखी विशेष निगरानी

बृहस्पतिवार शाम कोर्ट से जेल भेजे जाने के बाद अरीबा को महिला बैरक में रखा गया था, जबकि उसके प्रेमी अरशद समेत बाकी आरोपी जिला जेल में बंद हैं। जेल प्रशासन ने अरीबा की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसकी निगरानी के लिए बंदी रक्षक तैनात किए थे। बताया जा रहा है कि वह पूरी रात सो नहीं सकी। कभी अचानक उठकर बैठ जाती तो कभी रोने लगती। खाने के समय भी उसने बेहद कम खाना खाया, जबकि बाकी आरोपियों ने सामान्य रूप से भोजन किया।

परिवार वालों ने सुबह ही कराई मुलाकात

शुक्रवार सुबह होते ही अरीबा, अरशद, कुलदीप और रवि के परिवार वालों ने जेल में मुलाकात के लिए ऑनलाइन बुकिंग करा दी थी। चारों आरोपियों के नाम की पर्चियां लगाई गई थीं। अरीबा से मिलने उसका भाई अरीब पहुंचा, जबकि अरशद के पिता निजामुद्दीन भी जेल पहुंचे। कुलदीप और रवि के रिश्तेदारों ने भी आरोपियों से मुलाकात की। हालांकि पांचवें आरोपी विक्की से मिलने शुक्रवार को कोई नहीं पहुंचा।

प्रेमी के साथ मिलकर रची थी डकैती की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मुरादाबाद के नागफनी थाना क्षेत्र स्थित बंगला गांव के अकबर कंपाउंड में रहने वाले पीतल कारोबारी इमरान के घर हुई करोड़ों की डकैती किसी बाहरी गैंग ने नहीं, बल्कि उनकी अपनी बेटी अरीबा ने ही करवाई थी। पुलिस के मुताबिक अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। उसने घर के डिजिटल लॉक को रिमोट से खोलकर बदमाशों को अंदर बुलाया था। इसके बाद घर में रखी भारी रकम और कीमती सामान लूट लिया गया।

करोड़ों की रकम ने बढ़ाई लालच की कहानी

एसएसपी सतपाल अंतिल के अनुसार कारोबारी इमरान ने सोमवार को होने वाली एक प्रॉपर्टी रजिस्ट्री के लिए करीब 1.20 करोड़ रुपये नकद घर में रखे थे। यह रकम उन्होंने रिश्तेदारों, परिचितों और पार्टनरों से जुटाई थी। रविवार को अरीबा का जन्मदिन था और उसी रात वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने अब तक 47.24 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं, जबकि बाकी रकम और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पांच आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुरादाबाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए अरीबा, उसके प्रेमी अरशद, कुलदीप, रवि और विक्की को गिरफ्तार कर लिया था। कोर्ट में पेशी के बाद सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि घटना बेहद सुनियोजित थी और इसमें कई लोगों की भूमिका सामने आई है। फिलहाल पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Updated on:
16 May 2026 04:42 pm
Published on:
16 May 2026 04:42 pm
Also Read
View All