मुरादाबाद

9 साल तक प्रेग्नेंट नहीं हुई पत्नी तो पति ने गला रेतकर की हत्या, फिर खुद दे दी जान

moradabad crime: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में संतान न होने के विवाद में एक युवक ने जंगल में ले जाकर पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद भी जान दे दी। पुलिस को दोनों के शव 15 मीटर की दूरी पर लहूलुहान हालत में मिले।
2 min read
moradabad crime
Photo source - X

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जब बुधवार को पूरी दुनिया होली के जश्न में डूबी थी तब नयागांव निवासी विनोद के मन में कुछ और ही चल रहा था। दोपहर तक परिवार के साथ हंसी-खुशी होली खेलने के बाद विनोद अपनी पत्नी ममता को बाइक पर बैठाकर ससुराल छोड़ने के बहाने निकला। लेकिन रास्ते में सोनकपुर पुल के नीचे उसने खौफनाक कदम उठा लिया।

9 साल का इंतजार और खौफनाक अंत

परिजनों और पुलिस की शुरुआती जांच में जो बात निकलकर सामने आई है वह बेहद चौंकाने वाली है। विनोद और ममता की शादी को 9 साल बीत चुके थे लेकिन उनके घर में बच्चे की किलकारी नहीं गूंजी थी। इसी बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच अनबन रहती थी। बुधवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि विनोद ने जंगल में ले जाकर धारदार चाकू से ममता की गर्दन रेत दी। पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद उसने उसी चाकू से अपने पेट और शरीर पर कई वार किए।

जंगल में मिले दोनों के शव

घटना की सूचना मिलते ही जब मझोला पुलिस मौके पर पहुंची तो मंजर बेहद डरावना था। युवक खून से लथपथ तड़प रहा था जिसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। जब पुलिस ने आसपास छानबीन की तो करीब 15 मीटर की दूरी पर ममता का शव पड़ा मिला। पास ही उनकी बाइक खड़ी थी जिससे उनकी पहचान हो सकी। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

सफेद कपड़ों पर खून के धब्बे

स्थानीय पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला 'हत्या के बाद आत्महत्या' का लग रहा है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या विवाद अचानक हुआ या विनोद पहले से ही इस इरादे से घर से निकला था। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 9 साल के रिश्ते का ऐसा हिंसक अंत देखकर इलाके के लोग और परिजन सदमे में हैं।

Published on:
05 Mar 2026 01:19 pm