
Photo source - X
Meerut Crime: मेरठ के मवाना में मिली युवती की जली हुई लाश के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। खेत में मिली जिस युवती की जली हुई लाश को अब तक दिल्ली की 'अर्चिता अरोड़ा' समझा जा रहा था, वह दरअसल तुर्कमेनिस्तान की रहने वाली 'मुहब्बत' निकली। यह मामला अब केवल एक हत्या तक सीमित नहीं रह गया है बल्कि इस खुलासे ने सेक्स रैकेट और फर्जी पहचान के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय जाल की ओर इशारा किया है।
पुलिस जांच के दौरान मृतका के मोबाइल की अंतिम कॉल डिटेल्स खंगाली गई तो चंडीगढ़ निवासी एलीना का नंबर सामने आया। जब पुलिस ने एलीना से संपर्क किया तो उसने बताया कि मृतका का असली नाम मुहब्बत है और वह तुर्कमेनिस्तान की नागरिक थी। एलीना के अनुसार, मुहब्बत 12 फरवरी को मेरठ आई थी और 16 फरवरी की रात के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। एलीना ने ही मुहब्बत की मां नाहमदिनोवा गुलनारा को रूस में इस अनहोनी की जानकारी दी।
जांच में सामने आया है कि मुहब्बत करीब 15 साल पहले भारत आई थी। यहां वह किसी संदिग्ध गिरोह के चंगुल में फंस गई जिसने उसे देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया। पहचान छिपाने के लिए गिरोह ने उसका फर्जी आधार कार्ड 'अर्चिता अरोड़ा' के नाम से बनवाया था। बरामद आधार कार्ड पर फोटो तो मुहब्बत का था लेकिन नाम और पता दिल्ली का दर्ज था।
वारदात 16 या 17 फरवरी की रात परतापुर के अविका होटल में हुई थी। होटल मालिक चंचल कुमार उर्फ बंटी ने मुहब्बत को वहां बुलाया था। पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद जब युवती ने दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी तो चंचल ने अपने साथियों गुरमुश, संदीप और विवेक के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए उन्होंने शव को क्रेटा कार की डिग्गी में डालकर मवाना के एक खेत में फेंक दिया और चेहरे को ज्वलनशील पदार्थ से जला दिया।
मेरठ पुलिस ने मृतका का डीएनए सैंपल सुरक्षित रख लिया है। हालांकि मुहब्बत की मां ने तुर्कमेनिस्तान से अपनी बेटी की अन्य तस्वीरें भेजकर उसकी पहचान की पुष्टि की है लेकिन वे आर्थिक तंगी के कारण फिलहाल भारत आने में असमर्थ हैं। पुलिस अब कानूनी प्रक्रिया और पासपोर्ट के जरिए पहचान को पुख्ता करने में जुटी है। एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार, मृतका के पिता भारतीय और मां तुर्कमेनिस्तान की बताई जा रही हैं जिसकी जांच की जा रही है।
Updated on:
04 Mar 2026 04:44 pm
Published on:
04 Mar 2026 04:44 pm
