Moradabad Double Murder: यूपी के मुरादाबाद में मानसिक रूप से बीमार एक 19 वर्षीय युवती ने अपनी मां और भाई की सरिया व खूंटे से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
Girl Kills Mother Brother Moradabad: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कांठ क्षेत्र के भैंसली जमालपुर उर्फ गदापुर गांव में बुधवार शाम ऐसा दर्दनाक मंजर सामने आया जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। 19 वर्षीय युवती ने अपनी ही मां और भाई पर सरिया और लकड़ी के खूंटे से हमला कर उनकी जान ले ली। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था, क्योंकि परिवार के बाकी लोग खेतों में गेहूं की कटाई करने गए हुए थे। वारदात के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
परिवार के अनुसार, आरोपी युवती पिछले लगभग दो साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थी। उसकी हालत समय के साथ बिगड़ती जा रही थी और पिछले कुछ दिनों से वह अधिक आक्रामक हो गई थी। बताया गया कि वह कई बार घरवालों पर हमला करने की कोशिश कर चुकी थी और अचानक घर से बाहर भागने का प्रयास भी करती थी। स्थिति गंभीर होने पर उसे रस्सी से बांधकर रखा जाता था ताकि किसी अनहोनी को रोका जा सके।
घटना वाले दिन भी युवती को चारपाई से बांधकर रखा गया था। उसी दौरान उसने किसी तरह हाथ-पांव की रस्सी खोल ली। जैसे ही वह मुक्त हुई, उसने घर के आंगन में पड़ा सरिया और खूंटा उठाया और अपने ही भाई अर्जुन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
भाई की चीख सुनकर मां मुन्नी देवी (56) उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन युवती ने उन पर भी बेरहमी से हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर आंगन में गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। यह दृश्य इतना भयावह था कि गांव के लोग भी सुनकर सन्न रह गए।
वारदात के बाद जब परिवार के अन्य सदस्य खेत से घर लौटे तो घर के आंगन में खून से लथपथ शव देखकर स्तब्ध रह गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कांठ थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लिया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के भेजा।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज भी चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीमारी के कारण उसका व्यवहार असामान्य हो चुका था। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और डर का माहौल है। लोग इस बात से सहमे हुए हैं कि एक बीमार बेटी इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।