मुरादाबाद

मुरादाबाद में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा: पुलिस ने छापा मारकर 3 को दबोचा, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Moradabad Crime: यूपी के मुरादाबाद में पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए है।

2 min read
moradabad illegal arms factory busted
मुरादाबाद में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा | Image - FB/@moradabadpolice

Illegal Arms Factory Moradabad: मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनके कब्जे से बड़ी संख्या में बने और अधबने तमंचे तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए।

गश्त के दौरान मिली बड़ी सफलता

17 अप्रैल को पुलिस टीम संयुक्त गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रतुपुरा मोड़ के पास एक खाली प्लॉट से आरोपी गोविन्दा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से तीन अवैध देशी तमंचे बरामद हुए। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया।

मकान में चल रही थी अवैध फैक्ट्री

गोविन्दा की निशानदेही पर पुलिस ने ठाकुरद्वारा कस्बे के मोहल्ला सूफियान स्थित एक मकान पर छापा मारा। यहां से नाजिम और कासिम को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि यह मकान अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, जहां 315 बोर और 12 बोर के तमंचे तैयार किए जाते थे।

भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 315 बोर और 12 बोर के तमंचे, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, शिकंजा, अर्धनिर्मित नाल, बॉडी, ट्रिगर, हैमर सहित बड़ी संख्या में हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए। इसके अलावा लोहे की पत्तियां, औजार और अन्य सामान भी मिला, जो इस अवैध फैक्ट्री के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करता है।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे दोनों मिलकर इस फैक्ट्री में अवैध तमंचे तैयार करते थे और आर्थिक लाभ के लिए उन्हें बाजार में बेच देते थे। इस काम में उनके अन्य साथी इकबाल और रोहित भी शामिल थे, जो कभी-कभी हथियार बनाने और उनकी सप्लाई में मदद करते थे। पुलिस अब इन फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

आपराधिक इतिहास की जांच जारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। प्रारंभिक जांच में इनका आपराधिक इतिहास सामने आया है, जबकि अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में बढ़ाई गई सतर्कता

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके और अवैध हथियारों के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

Published on:
17 Apr 2026 08:35 pm