Moradabad Murder News: मुरादाबाद के कुंदरकी नगर में पुलिस चौकी के पास तरावीह से लौट रहे कारोबारी मो. अनीस की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
Businessma Murder Moradabad: यूपी के मुरादाबाद जिले के कुंदरकी में शुक्रवार शाम पुलिस चौकी के पास हुई कारोबारी की हत्या ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। जिला पंचायत सदस्य के देवर और कारोबारी मो. अनीस (48) को घर के ठीक सामने निशाना बनाया गया। हमलावरों ने बेहद नजदीक से फायरिंग की, जिसमें पीठ में तीन गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मो. अनीस शुक्रवार की शाम तरावीह की नमाज पढ़कर लौट रहे थे। जैसे ही वे अपने घर के सामने पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार से पांच राउंड फायरिंग हुई। कुछ ही सेकेंड में हमला कर आरोपी फरार हो गए और अनीस खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। घर के सामने गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन बदहवास हालत में घायल अनीस को उठाने की कोशिश करते रहे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर क्राइम सीन को सुरक्षित किया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, दो चप्पल और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
हत्या के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक खुद को मो. फरमान बता रहा है। वीडियो में फरमान ने दावा किया कि उसी ने अनीस की हत्या की है। उसने हाथ में पिस्टल दिखाते हुए कहा कि उसने तीन गोलियां मारकर अपना बदला ले लिया है। वीडियो में फरमान ने चुनावी रंजिश को हत्या की वजह बताया है।
फरमान ने वीडियो में दावा किया कि अनीस ने चुनाव के दौरान उस पर चोरी का आरोप लगाया था और कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की थी। साथ ही उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी गई थी। फरमान के मुताबिक, उसके पिता अनीस के रिश्तेदार का ट्रक चलाते हैं और उसी विवाद के बाद से उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा था। इसी डर और बदले की भावना में उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
जब हमलावरों ने अनीस पर फायरिंग की, उस वक्त कुछ दूरी पर उनके भाई, बेटा और अन्य रिश्तेदार भी चल रहे थे। गोलियों की आवाज सुनते ही वे दौड़कर मौके पर पहुंचे और हमलावरों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसके बाद परिजन घायल अनीस को संभालने में जुट गए।
जिस स्थान पर हत्या हुई, उसके पास ही ब्लॉक कार्यालय, बैंक शाखाएं और पुलिस चौकी स्थित है। इतनी संवेदनशील जगह पर खुलेआम गोलीबारी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन कई कैमरे बंद मिले। इससे जांच में पुलिस को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी फरमान की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और वायरल वीडियो की तकनीकी जांच भी कर रही है।