मुरादाबाद

Moradabad Murder: प्रॉपर्टी डीलर को पहले फरसे से काटा, फिर सीने में उतार दी गोलियां; मौके पर ही मौत

Moradabad Murder: यूपी के मुरादाबाद में प्रॉपर्टी डीलर रंजीत चौहान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घर के बाहर टहलते समय दबंगों ने पहले फरसे से हमला किया और फिर गोली मार दी।

2 min read
Moradabad Murder: प्रॉपर्टी डीलर को पहले फरसे से काटा..

Moradabad Property Dealer Murder:मुरादाबाद जिले के बिलारी थाना क्षेत्र से सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां प्रॉपर्टी डीलर रंजीत चौहान (34) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घर के बाहर टहल रहे रंजीत पर पहले फरसे से हमला किया गया और फिर उनके पेट में गोली मार दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें

गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: लुधियाना से आ रही डबल डेकर बस ट्रक में घुसी, 30 यात्री लहूलुहान

गांव के बीचों-बीच घेरकर किया हमला

घटना बिलारी के कमालपुर चंदौरा गांव की है, जहां रात करीब 8:30 बजे रंजीत चौहान अपने घर से बाहर परिषदीय स्कूल के पास टहल रहे थे। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया और अचानक हमला बोल दिया। हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने रंजीत को संभलने तक का मौका नहीं दिया।

जान बचाने के लिए घर में घुसे, फिर भी नहीं बच सके

हमले से बचने के लिए रंजीत चौहान पास ही स्थित मुकेश पाल के मकान में घुस गए, लेकिन आरोपी वहां भी उनका पीछा करते हुए पहुंच गए। आरोपियों ने घर के अंदर ही उनके पेट में गोली मार दी और सिर पर फरसे से वार कर दिया। इस दौरान घर में मौजूद लोगों की चीख-पुकार से आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गंभीर रूप से घायल रंजीत को उनके परिजन और भाई पिंकू चौहान 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद रंजीत को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में सन्नाटा पसर गया।

परिवार में मचा कोहराम

मृतक रंजीत चौहान के परिवार में उनकी पत्नी नेहा, बेटा दक्ष, मां प्रेमवती और एक भाई पिंकू चौहान हैं। अचानक हुई इस हत्या से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव के लोगों के मुताबिक रंजीत एक मिलनसार व्यक्ति थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। उनकी हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल है।

पुरानी रंजिश और प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे प्रथम दृष्टया प्रेम संबंधों को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि करीब दो माह पहले रंजीत और गांव के ही अजय के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। पुलिस इसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और हर पहलू से जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि इस जघन्य हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read
View All