मुरादाबाद

मुरादाबाद में रोडवेज बस और गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, मां-बेटे समेत चार की मौत; 10 यात्री घायल

Uttar Pradesh: मुरादाबाद के छजलैट में हरिद्वार हाईवे पर रोडवेज बस और गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हुए।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 11:05 AM IST
Moradabad Road Accident
रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, मां-बेटे समेत चार की मौत (Photo IANS)

Moradabad Road Accident: मुरादाबाद में शनिवार सुबह हरिद्वार हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। छजलैट क्षेत्र में गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 10 यात्री भी घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में एक महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

पेट्रोल पंप के पास आमने-सामने भिड़े दोनों वाहन

हादसा शनिवार सुबह करीब सात बजे छजलैट क्षेत्र में गांव लड़ावली के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस छजलैट की तरफ से मुरादाबाद आ रही थी। इसी दौरान गांव लड़ावली स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सामने से गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर बस की ड्राइवर साइड पर लगी। इससे बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को चोटें आईं, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मां और पांच साल के बेटे की मौके पर मौत

इस हादसे में सदुपुरा गांव निवासी अर्चना और उनके पांच साल के बेटे सुशांत की मौके पर ही मौत हो गई। अर्चना के पति जानसन मसीह भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा बिजनौर के नूरपुर निवासी लोकेंद्र और दीपिका चौहान की भी हादसे में मौत हो गई। चार लोगों की जान जाने से उनके परिवारों में मातम पसरा है। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाकर यातायात दोबारा शुरू कराया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर आवाजाही प्रभावित रही। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह का कहना है कि हादसे में चाऐ लोगों की मौत हुई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated on:
28 Nov 2026, 11:05 AM IST
Published on: