मुरादाबाद

अमेरिका पर जमकर बरसे संजय सिंह: बोले- युद्ध अपराधी देश है अमेरिका, केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अमेरिका को ‘युद्ध अपराधी देश’ बताते हुए उसकी नीतियों की कड़ी आलोचना की। साथ ही गैस सिलेंडर की कीमतों और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर भी निशाना साधा।

2 min read
अमेरिका पर जमकर बरसे संजय सिंह..

Sanjay Singh Attack U.S. and Modi: यूपी के मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा कस्बे में नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद याकूब की ओर से रविवार को आयोजित रोजा इफ्तार कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह शामिल हुए। गिरजाघर रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संजय सिंह ने देश-विदेश की राजनीति पर खुलकर अपनी राय रखी और अमेरिका की नीतियों की कड़ी आलोचना की।

ये भी पढ़ें

आजम का साम्राज्य हिलाने वाले IAS का बड़ा खुलासा: 5 साल बाद बोले- धमकियां मिलीं, मगर ड्यूटी से पीछे नहीं हटे

अमेरिका को बताया युद्ध अपराधी

संजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अमेरिका एक युद्ध अपराधी देश है, जो दुनिया के कई देशों पर दबाव बनाकर उन्हें कमजोर करने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका पहले वेनेजुएला, इराक और अफगानिस्तान जैसे देशों को कुचल चुका है और अब ईरान के सुप्रीम लीडर खामनेई की हत्या कराकर अपनी तानाशाही मानसिकता दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका की ऐसी नीतियों को नहीं रोका गया तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा।

ट्रंप की नीतियों पर भी साधा निशाना

राज्यसभा सांसद ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ट्रंप जैसे नेताओं को समय रहते नहीं रोका गया तो विश्व शांति के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। उनके मुताबिक विश्व के कई देशों में अमेरिका की दखलंदाजी लगातार बढ़ रही है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव की स्थिति बनती जा रही है।

गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला

संजय सिंह ने देश की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 120 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। इसका सीधा असर आम जनता और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के इस दौर में आम आदमी परेशान है, लेकिन सरकार उसकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही।

मोदी सरकार और उद्योगपतियों पर लगाए आरोप

अपने भाषण में संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति अडानी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा सरकार और बड़े उद्योगपति आपदा में भी अवसर तलाशने का काम कर रहे हैं। उनका कहना था कि जब जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है, तब सरकार की प्राथमिकताएं कुछ और ही नजर आती हैं।

भाजपा पर भी कसा तंज

संजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस भी पार्टी ने भाजपा के साथ हाथ मिलाया, वह धीरे-धीरे राजनीतिक रूप से कमजोर होती चली गई। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता अब इन नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।

गंगा-जमुनी तहजीब का दिया संदेश

कार्यक्रम के अंत में संजय सिंह ने कहा कि भारत गंगा-जमुनी तहजीब वाला देश है, जहां सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर रहते हैं। उन्होंने कहा कि यहां होली और ईद जैसे त्योहार लोग साथ मिलकर मनाते हैं और यही देश की असली ताकत है।

Also Read
View All

अगली खबर