UP Weather: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बांदा सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जबकि कई जिलों में लू और तेज धूप को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Scorching Heat In UP: उत्तर प्रदेश का बांदा जिला इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और देश का सबसे गर्म शहर बनकर सामने आया है। जिले में लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं ने सुबह से ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहिया वाहन चालकों को चेहरे और शरीर को कपड़ों से ढंककर सफर करना पड़ा। बाजारों और मुख्य सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा दिखाई दिया।
भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवराज प्रजापति ने बताया कि दोपहर के समय चौराहों पर लोगों को अधिक देर तक खड़ा न रहना पड़े, इसलिए ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से ‘फ्री फ्लो’ मोड पर कर दिया गया है। इस व्यवस्था के तहत रेड लाइट का चक्र बंद रहेगा और वाहन बिना रुके आसानी से गुजर सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे तेज धूप में फंसने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
गर्मी से बचाव के लिए ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्हें तेज धूप से बचाने के लिए छाते, स्कार्फ और अन्य जरूरी सामग्री दी गई है। इसके अलावा प्रमुख चौराहों और तिराहों पर अस्थायी शेल्टर भी बनाए गए हैं ताकि राहगीर और वाहन चालक कुछ समय रुककर राहत महसूस कर सकें। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम करने की तैयारी में है।
शुक्रवार को पूरे दिन लू के थपेड़े लोगों को परेशान करते रहे। इसके साथ तेज सरफेस विंड के कारण धूल भरी हवाएं भी चलती रहीं, जिससे लोगों को बाहर निकलने में और अधिक दिक्कत हुई। खुले क्षेत्रों वाली बाजारों में दुकानदारों ने धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए शटर गिरा दिए। चौराहों के आसपास ई-रिक्शा और ऑटो भी बहुत कम दिखाई दिए। शाम को धूप कम होने के बाद ही लोग जरूरी कामों के लिए घरों से बाहर निकले।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल तापमान में ज्यादा गिरावट के संकेत नहीं हैं और लू का असर लगातार बना रह सकता है। मेरठ में भी बृहस्पतिवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे साफ है कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने मुरादाबाद समेत 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, कासगंज, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं शामिल हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। लोगों को दोपहर में घरों से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।