मुरादाबाद

मुरादाबाद में सनकी दामाद का तांडव: रसोई से नाली तक बहाया सास का खून, गले में फंसी मिली गोली

Moradabad Crime News: यूपी के मुरादाबाद में नशेड़ी कहे जाने से नाराज दामाद ने अपनी सास की गोली मारकर हत्या कर दी।
2 min read
son in law killed mother in law moradabad
मुरादाबाद में सनकी दामाद का तांडव..

Moradabad Murder News: मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र स्थित जयंतीपुर टीचर कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मामूली कहासुनी के बाद दामाद ने अपनी ही सास की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रसोई से लेकर नाली तक खून फैल गया, जिससे पड़ोसियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।

नशे को लेकर हुआ था विवाद

परिजनों के मुताबिक आरोपी दामाद गुलनवाज नशे का आदी बताया जा रहा है। घटना के समय उसकी सास रुखसाना रसोई में खाना बना रही थीं। गुलनवाज बाहर से घूमकर लौटा और जैसे ही बाहर जाने लगा, सास ने उसे नशे को लेकर टोक दिया। इसी बात पर वह आपा खो बैठा और तमंचे से सीधे गर्दन पर गोली चला दी। गोली लगते ही रुखसाना लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।

बच्चों के सामने उजड़ा घर

इस खौफनाक वारदात के वक्त घर में परिवार के कई सदस्य मौजूद थे। बताया गया कि चार बेटे और तीन बेटियां घर में थीं। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिवार के लोग बाहर निकले तो रुखसाना खून से सनी हालत में पड़ी मिलीं। बच्चों के सामने मां और नानी को इस तरह तड़पते देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मोहल्ले के लोग भी चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे।

वारदात के बाद आरोपी फरार

गोली मारने के बाद आरोपी दामाद तमंचा लहराते हुए अपने दोस्त मुस्तफा के साथ मौके से फरार हो गया। वारदात के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर तलाश शुरू की और कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन मुख्य आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।

दोस्त गिरफ्तार, आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने देर रात आरोपी के दोस्त मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी गुलनवाज की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की टीमें आसपास के जिलों में भी उसकी तलाश कर रही हैं।

पोस्टमार्टम में सामने आई सच्चाई

शुक्रवार को रुखसाना के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया। पोस्टमार्टम से पहले शव का एक्स-रे भी कराया गया। जांच में सामने आया कि गोली गर्दन के पास दाहिनी ओर फंसी हुई मिली। पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई ताकि जांच में किसी भी तरह की चूक न हो।

नशे की लत बनी हत्या की वजह

एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है। सास द्वारा नशेड़ी कहे जाने पर वह भड़क गया और उसने गोली चला दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही कानून के शिकंजे में होगा।

Updated on:
14 Feb 2026 06:45 pm
Published on:
14 Feb 2026 06:45 pm