14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

संभल की सियासत पर ‘कल्कि संभल’ की दस्तक: नवाब साहब बनकर बड़े पर्दे पर उतरेंगे अन्नू कपूर!

Sambhal News: यूपी के संभल के दंगों और हालिया हिंसा पर आधारित फिल्म ‘कल्कि संभल’ का नया पोस्टर जारी हुआ है, जिसमें अन्नू कपूर ‘नवाब साहब’ के किरदार में नजर आएंगे।

2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

Feb 14, 2026

kalki sambhal annu kapoor nawab sahab poster

संभल की सियासत पर ‘कल्कि संभल’ की दस्तक | Image - FB/@AmitJaniIND

Kalki Sambhal Movie: संभल के 1978 के दंगों और 24 नवंबर 2024 की हिंसा की भूमिका पर बनने जा रही फिल्म ‘कल्कि संभल’ को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिल्म निर्माता अमित जानी ने फिल्म के एक अहम किरदार ‘नवाब साहब’ का पोस्टर जारी किया है। इस किरदार को निभाते नजर आएंगे बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अन्नू कपूर। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर बहस और प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया है। निर्माता के अनुसार, फिल्म की शूटिंग मार्च में होली के बाद शुरू करने की तैयारी है।

अदालत तक पहुंचा फिल्म का मुद्दा

फिल्म की घोषणा के बाद से ही इस पर राजनीतिक और सामाजिक आपत्तियां सामने आने लगी हैं। समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क और पार्टी के वरिष्ठ विधायक इक़बाल महमूद ने फिल्म को अदालत में चुनौती देने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि संभल से जुड़ा मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है और इस विषय पर फिल्म बनाना सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकता है। इन बयानों के बाद फिल्म को लेकर कानूनी विवाद की संभावनाएं भी गहराती नजर आ रही हैं।

निर्माता की खुली चुनौती

इन आपत्तियों के जवाब में फिल्म निर्माता अमित जानी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार है और शूटिंग की अनुमति या रोक का फैसला कानून और प्रशासन करेगा, न कि किसी राजनीतिक दल के दबाव से। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि फिल्म की शूटिंग रोकने वाले लोग आखिर कौन होते हैं और किस अधिकार से वे रचनात्मक अभिव्यक्ति पर रोक लगाने की बात कर रहे हैं। इस बयान के बाद विवाद और तेज हो गया है।

कानूनी नोटिस से बढ़ी सियासी गर्मी

अमित जानी पहले भी विवादित विषयों पर फिल्में बना चुके हैं। ‘उदयपुर फाइल्स’ जैसी चर्चित फिल्म बना चुके जानी ने सांसद के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क को कथित धमकी के मामले में कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में 15 दिनों के भीतर जवाब देने के साथ-साथ प्रधानमंत्री राहत कोष में 50 लाख रुपये जमा करने की मांग भी की गई है। इस कदम को फिल्म को लेकर चल रहे विवाद में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है।

पहले भी जारी हो चुके हैं अहम पोस्टर

‘नवाब साहब’ के पोस्टर से पहले फिल्म के अन्य किरदारों के पोस्टर भी सामने आ चुके हैं। ‘अब्बाजान’ और ‘भाईजान’ जैसे पात्रों के साथ-साथ ‘द ग्रेट सेठ स्व. बनवारी लाल गोयल’ का पोस्टर भी जारी किया गया था। फिल्म में ‘अब्बाजान’ की भूमिका महेश मांजरेकर निभा रहे हैं, जबकि ‘भाईजान’ का किरदार विजय शाह और ‘बनवारी लाल गोयल’ का किरदार रजनीश दुग्गल निभाते नजर आएंगे। इन किरदारों को संभल की सामाजिक संरचना और वहां के प्रभावशाली वर्गों के प्रतीक के रूप में पेश किया जा रहा है।

अनुभव से सजी अन्नू कपूर की पहचान

अन्नू कपूर भारतीय सिनेमा के उन कलाकारों में शुमार हैं जिन्होंने अपने लंबे करियर में हर तरह के किरदार निभाए हैं। अभिनेता, टीवी प्रस्तोता, गायक और निर्देशक के रूप में उन्होंने करीब 45 वर्षों में 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उन्हें 2012 में आई फिल्म विक्की डोनर के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर अवॉर्ड मिल चुका है। ‘कल्कि संभल’ में उनका ‘नवाब साहब’ किरदार कहानी को एक नया मोड़ देने वाला माना जा रहा है।