
गंगा जल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकली मुस्लिम महिला | Image Video Grab
Muslim Woman Kanwar Yatra: महाशिवरात्रि के अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर लौट रहे हैं। इसी बीच एक मुस्लिम महिला का कांवड़ लेकर पैदल यात्रा पर निकलना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर बसेई निवासी तमन्ना मलिक हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर शिव मंदिर तक जाने के लिए निकली हैं। उनका कहना है कि वह महाशिवरात्रि के दिन शिव मंदिर में जलाभिषेक करेंगी।
तमन्ना मलिक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह बुर्का पहनकर कंधे पर कांवड़ उठाए चलती दिखाई दे रही हैं। उनके साथ चल रहे अन्य कांवड़िये “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के नारे लगा रहे हैं। यह वीडियो बिजनौर क्षेत्र के पास का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग इसे आपसी भाईचारे और सौहार्द की मिसाल बता रहे हैं।
तमन्ना मलिक ने बताया कि उन्होंने करीब तीन साल पहले अमन त्यागी से शादी की थी। उनके दो छोटे बेटे हैं। वह अपने धर्म का पालन करती हैं और अपने पति के धर्म का भी सम्मान करती हैं। तमन्ना का कहना है कि जब वह कांवड़ियों को हर साल गंगाजल लाते देखती थीं तो उनके मन में भी यह भावना आई कि वह भी इस यात्रा का हिस्सा बनें। इसी सोच के साथ उन्होंने हरिद्वार जाकर कांवड़ लेने का फैसला किया।
तमन्ना मलिक के अनुसार, वह 10 फरवरी को हरिद्वार पहुंची थीं और वहां से गंगाजल लेकर संभल जिले की ओर पैदल यात्रा पर निकलीं। उन्होंने बताया कि शनिवार तक वह असमोली क्षेत्र में पहुंच जाएंगी और महाशिवरात्रि के दिन क्षेमनाथ तीर्थ पर जलाभिषेक करेंगी। रास्ते में कई कांवड़ियों ने उन्हें सहयोग भी दिया और उनके साथ चलते हुए भजन-कीर्तन किया।
तमन्ना के पति अमन त्यागी का कहना है कि उनके घर में किसी तरह की कोई रोक-टोक नहीं है। दोनों अपने-अपने धर्म को मानते हैं और एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करते हैं। अमन का कहना है कि पत्नी का कांवड़ यात्रा पर जाना उनके लिए सम्मान की बात है और वह उनके फैसले का पूरा समर्थन करते हैं।
महाशिवरात्रि को देखते हुए कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने कई मार्गों पर ट्रैफिक पूरी तरह बंद कर दिया है। धनौरा-गजरौला-बिजनौर मार्ग पर जीरो ट्रैफिक लागू किया गया है। जिस रास्ते से कांवड़िये गुजर रहे हैं, वहां किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इससे कांवड़ियों को बिना किसी परेशानी के यात्रा करने में मदद मिल रही है।
Published on:
14 Feb 2026 11:15 am
बड़ी खबरें
View Allसम्भल
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
