
मुरादाबाद: शहर के मझोला थाना क्षेत्र में एक चोर ने मंदिर में दानपात्र में लगातार चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। लिहाजा इस बार उसकी चोरी पकड़ी गयी और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। ये चोर मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मंदिर में अक्सर चोरी की वारदातें हो जाती थी। जिससे न सिर्फ मंदिर प्रबन्धन बल्कि यहां आने वाले भक्त भी परेशान थे। लेकिन अब चोर पकडे जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली है।
ऐसे हो रही थी चोरी
मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार इलाके में स्थित शिव मंदिर में आये दिन हो रही चोरियों से स्थानीय लोग परेशान थे। मंदिर के पुजारी के साथ स्थानीय लोगों ने कई बार चोर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया भी लेकिन शातिर चोर हर बार तरीका बदलकर अपने मकसद में कामयाब हो जाता था। चोरी की वारदातों से पुलिस भी परेशान थी लिहाजा पुलिस ने स्थानीय लोगों को मंदिर में सीसीटीवी कैमरा लगाने को कहा। मंदिर में सीसीटीवी कैमरा लगने के बाद हर बार की तरह चोर चोरी के इरादे से मंदिर में आया और अपने काम में जुट गया। चोर को बिल्कुल भी अहसास नहीं था की उसकी यह हरकत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो रही है। भगवान की आंखों के सामने ही भक्त बनकर आया चोर दानपात्रों को तोड़कर उसमें रखे पैसे जेब में रखता रहा और मौका देखकर रफूचक्कर हो गया।
सीसीटीवी से पकड़ा गया चोर
मंदिर में चोरी की जानकारी होते ही पुलिस को मामले की जानकारी दी गयी जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग की जांच की। सीसीटीवी कैमरों में दर्ज रिकार्डिंग के आधार पर चोरी कर रहें युवक की पहचान अक्षय शर्मा नाम के युवक के रूप में हुई जो कटघर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और अक्सर मंदिर के आस-पास नजर आता था। चोर की पहचान उजागर हुई तो लोगों ने खुद ही अक्षय को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग में आरोपी मंदिर में जाकर पहले भगवान का आश्रीवाद लेता नजर आया और उसके बाद मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देने में जुट गया।
योगी सरकार का बड़ा फैसला, इन किसानों को मिलेंगे 6 रुपये प्रति किलो अतिरिक्त
पहले भी की हैं चोरियां
प्राचीन शिव मंदिर के पुजारी राजू के मुताबिक इससे पहले कई बार उनके मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी थी। चोर मंदिर से मूर्तिया,दानपात्र और चढ़ावा तक चुरा ले जाते थे। लगातार हो रही चोरियों पर रोक लगाने के लिए ही उन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे जिसके बाद चोर की पहचान उजागर हो पाई। मझोला थाना प्रभारी का कहना है कि अक्षय को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किये गए पैसे बरामद कर लिए गए है साथ ही पुलिस मंदिर में पहले हुई चोरियों को लेकर अक्षय से पूछताछ कर रही है।