Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पत्नी के तानों से परेशान एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था।
Moradabad News Today: मुरादाबाद के थाना मझोला इलाके में सोमवार रात ट्रेन के आगे कूदकर अश्कान (25) ने जान दे दी। वह सोमवार रात घर से घूमने के लिए निकला था। इसी दौरान वह ट्रेन के आगे कूद गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान की गई।
मृतक के पिता रियाज ने पुलिस को बताया कि कुछ महीने पहले अश्कान ने एक युवती से प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों में विवाद हो गया था। ढाई महीने पहले दोनों के बीच तलाक हो गया था। आरोप है कि तलाक होने के बाद भी युवती परेशान कर रही थी। उसी से तंग आकर जान दी है।
पिता रियाज ने मझोला पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अश्कान का निकाह काशीराम नगर निवासी मुस्कान से हुआ था। आरोप लगाया कि निकाह के बाद से मुस्कान, उसका बहनोई रिहान, मां शबाना उर्फ शब्बो और बहन अंजुम किसी न किसी बात को लेकर अश्कान को परेशान करते थे। मुस्कान और उसके परिवार वालों ने ही अश्कान को आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। पुलिस ने बताया कि पिता तहरीर के आधार पर मृतक की पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।