मुरादाबाद

UP Board Result 2018: इस तरह के रिजल्ट की उम्मीद नहीं थी इस टाॅपर को, अब जाना चाहते हैं सेना में

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की 12वीं की परीक्षा में मुरादाबाद के अभिषेक कुमार ने पाया तीसरा स्थान
2 min read
• •
Updated: 29 Apr 2018, 3:24 PM IST
moradabad

जय प्रकाश, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम रविवार को जारी हो गए। इस बार हाईस्कूल का रिजल्ट 75.16 फीसदी और इंटर का 72.43 फीसदी। अगर बात 12वीं के टॉपर्स की करें तो मुरादाबाद के लाल अभिषेक कुमार ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है।

सेना में जाने का है सपना

यूपी बोर्ड की इंटर की परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल करने वाले अभिषेक का सपना सेना में जाकर सीमा पर दुश्मनों का खत्मा करने का है। मुरादाबाद जनपद के बिलारी क्षेत्र के डीपीएसवीएम इंटर कॉलेज में 12वीं के छात्र अभिषेक ने 500 में से 461 नंबर प्राप्त किए हैं। किसान के बेटे अभिषेक अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हैं।

क्षेत्र में जश्न का माहौल

बिलारी थाना क्षेत्र के फत्तेहपुर नत्था गांव के रहने वाले रईश पाल के बेटे अभिषेक की सफलता पर पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है। बारहवीं की यूपी बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल करने वाले अभिषेक कुमार अपनी सफलता से गदगद नजर आते हैं। नियमित अभ्यास के बूते इस सफलता को प्राप्त करने वाले अभिषेक कुमार का सपना सेना में भर्ती होने का है।

दिन में 6 से 7 घंटे करते हैं पढ़ाई

अक्षय कुमार की फिल्म हॉलिडे से प्रभावित अभिषेक कुमार के मुताबिक, वह दिन में 6 से 7 घंटे तक पढ़ाई करते हैं। अभिषेक का कहना है कि उन्होंने नियमित अभ्यास को मूल मंत्र मानते हुए पढ़ाई की थी। इस दौरान वह पिछले वर्षाें के प्रश्नपत्रों को नियमित रूप से चेक करते रहे और उनका अभ्यास कर तैयारी में जुटे रहे। अभिषेक के घर में उनके दादा-दादी, माता-पिता, भाई-बहन,बुआ रहते हैं। अभिषेक अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों और गुरुजनों को देते हैं। उनका कहना है कि उन्हें इतने अच्छे नंबर की उम्मीद नहीं थी। हां, ये जरूर उम्मीद थी कि वह टॉप टेन में आएंगे। बिलारी के जिस काॅलेज से अभिषेक ने पढ़ाई की है, वहां से हाईस्कूल में पढ़ने वाले छात्र ने हाईस्कूल में जिला टॉप किया है। अभिषेक ने मुरादाबाद मंडल में पहला स्थान हासिल किया है।

Published on: