
UP Cold Alert News: उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में सुबह और शाम के समय विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले सात दिनों तक मौसम के हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं, जिससे आम जनजीवन पर व्यापक असर पड़ने की आशंका है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि अगले पांच से सात दिनों तक सुबह और रात के समय बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। खासकर पश्चिमी और पूर्वी यूपी में सड़कों पर दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में पूरे उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इस गिरावट के चलते ठंड और ज्यादा तीखी हो जाएगी, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग ने दो जनवरी को हिमाचल प्रदेश में, जबकि चार और पांच जनवरी को बिहार के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, तीन और चार जनवरी को हिमाचल प्रदेश में, तीन से छह जनवरी के बीच हरियाणा और चंडीगढ़ में, चार से छह जनवरी के दौरान पंजाब में तथा आठ और नौ जनवरी को राजस्थान में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तापमान 0 से 5 डिग्री के बीच रहा। पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, बिहार और झारखंड में कई जगहों पर तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।
अगले तीन दिनों में मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। वहीं, पूर्वी भारत में अगले दो दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। महाराष्ट्र में भी अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सात जनवरी तक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पांच जनवरी तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पांच, आठ और नौ जनवरी को घने से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भी सात जनवरी तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
दो और तीन जनवरी को उत्तराखंड के कुछ इलाकों में तथा दो जनवरी को मेघालय में पाला पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी है।