UP Weather: यूपी में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने मुसीबत बढ़ा दी है। IMD ने बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर सहित 8 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।
IMD Weather Update: उत्तर प्रदेश में ठंड तेजी से बढ़ रही है और घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में देर रात और सुबह के दौरान कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में मुजफ्फरनगर 9.4°C न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया, जिसके बाद कई नगरों में ठंड और विजिबिलिटी दोनों ही चुनौतियों का कारण बन रहे हैं।
आईएमडी के अनुसार 24 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 20-50 मीटर विजिबिलिटी वाला घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इनमें शामिल जिले हैं- पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और आसपास के क्षेत्र। लोगों को सलाह दी गई है कि वाहन धीमी गति से चलाएं, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
IMD के अनुसार उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3°C की गिरावट संभव है, जिससे सर्दी और तेज होगी। उसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। कानपुर नगर में न्यूनतम तापमान 10.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1°C कम है। इसी प्रकार इटावा (10.0°C), बुलंदशहर (10.0°C) और मेरठ (10.3°C) में भी पारा 10°C के करीब पहुंच गया है।
मुजफ्फरनगर - 9.4°C (1.3), इटावा - 10.0°C (-1.8), बुलंदशहर - 10.0°C (NA), कानपुर नगर - 10.2°C (-1.1), मेरठ - 10.3°C (0.1),
कानपुर IAF - 29.2°C, शाहजहांपुर - 28.9°C (2.5), हमीरपुर - 28.2°C (1.6), प्रयागराज - 28.0°C (-0.3), वाराणसी एयरपोर्ट - 28.0°C (-0.1)
उत्तर भारत की ठंड के विपरीत दक्षिण भारत में मौसम प्रणालियां सक्रिय हो गई हैं। मलक्का जलडमरूमध्य और दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बना लो-प्रेशर सिस्टम मजबूत हो चुका है, जो अगले 48 घंटों में चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। अंडमान और निकोबार आइलैंड्स में 23 से 28 नवंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है।