मुरादाबाद

UP Rain: यूपी में बारिश बनी आफत! 48 घंटे का ऑरेंज अलर्ट, स्कूलों में छुट्टी, सड़कों पर जलसैलाब

UP Rain Alert: मुरादाबाद मंडल में मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने 48 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
2 min read
• •
Updated: 5 Aug 2025, 10:43 AM IST
up rain orange alert schools closed weather update august 2025
UP Rain: यूपी में बारिश बनी आफत! Image Source - Social Media

UP rain orange alert schools closed weather update: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, संभल और रामपुर जिलों में भारी बारिश का दौर लगातार दूसरे दिन भी जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रशासन ने कक्षा आठवीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं, बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार हो रही बारिश, तापमान में गिरावट

सोमवार को दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश के बाद मंगलवार को तड़के सुबह चार बजे से मूसलधार बारिश शुरू हो गई, जो दिनभर जारी रही। बीते 24 घंटे में 86.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। रविवार रात से ही मौसम में नमी और ठंडक घुलने लगी थी, जिससे न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा।

वहीं, अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी गई और यह 27.3 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा। बारिश की वजह से उमस में कमी आई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

स्कूलों में छुट्टी की घोषणा

बारिश की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। कई अभिभावकों को सुबह-सुबह स्कूल से आए मैसेज के जरिए इस छुट्टी की जानकारी मिली।

शहर के कई इलाके जलभराव से प्रभावित

तेज बारिश के चलते सड़कों और बाजारों में जलभराव हो गया है। मुरादाबाद शहर के बाजार गंज, बुध बाजार, मंडी और रोडवेज जैसे प्रमुख इलाकों में कीचड़ और पानी जमा होने से लोग परेशान रहे। दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही भी बेहद कम रही और केवल जरूरी काम से ही लोग बाजारों तक पहुंचे।

बारिश के पीछे मौसमीय बदलाव जिम्मेदार

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार ने बताया कि मानसूनी पुरवा हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ की प्रतिक्रिया से मुरादाबाद मंडल में बारिश के लिए अनुकूल हालात बने हुए हैं। अगले 48 घंटों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

बारिश के बाद धूप से बढ़ेगी उमस

जिला अस्पताल के फिजिशियन के अनुसार, बारिश के बाद जलभराव और कीचड़ की वजह से मच्छरजनित और जलजनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है। डेंगू, उल्टी, दस्त और बुखार जैसे संक्रमण तेजी से फैल सकते हैं। ऐसे में साफ पानी पीना, ताजा भोजन करना और व्यक्तिगत साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।