मुरादाबाद

यूपी में आफत की एंट्री: मौसम विभाग का अलर्ट, मुरादाबाद-संभल समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी

UP Weather: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। 8 अप्रैल 2026 को प्रदेश के 37 जिलों में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

2 min read
यूपी में आफत की एंट्री..

UP Rain Alert 37 Districts: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने 8 अप्रैल 2026 को लेकर एक बेहद गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, प्रदेश में पश्चिमी और मध्य हिस्सों में तीव्र ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ बारिश का डबल अटैक होने जा रहा है।

जहां एक तरफ यह बारिश तापमान में गिरावट लाएगी, वहीं दूसरी तरफ किसानों और आम जनजीवन के लिए 'आफत' बनकर भी बरस सकती है। तेज हवाओं के साथ होने वाली यह हलचल अगले 24 घंटों तक अपना रौद्र रूप दिखाएगी।

ये भी पढ़ें

UCC के नाम पर थोपा जा रहा हिंदू कोड: संभल सांसद बर्क की सरकार को चेतावनी, बताया मौलिक अधिकारों का हनन

इन 37 जिलों पर मंडरा रहा है खतरा

मौसम विभाग ने विशेष रूप से उन 37 जिलों की सूची जारी की है, जहां ओलावृष्टि (Hailstorm) की संभावना सबसे अधिक है। इन क्षेत्रों में प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित होने वाले प्रमुख जिलों में लखनऊ, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), कानपुर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, और बरेली जैसे बड़े शहर शामिल हैं। इसके अलावा बांदा, फतेहपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, औरैया, और झांसी जैसे जिलों में भी आसमानी ओले गिरने की प्रबल आशंका है। लोगों को सलाह दी गई है कि ओलावृष्टि के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और खुले में वाहनों को खड़ा न करें।

प्रदेशभर में मूसलाधार बारिश और वज्रपात की चेतावनी

सिर्फ ओले ही नहीं, बल्कि भारी बारिश का दायरा भी काफी विस्तृत रहने वाला है। प्रदेश के लगभग हर कोने मुरादाबाद से लेकर संभल और रामपुर से लेकर अमरोहा तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि सहारनपुर, शामली, मेरठ, अयोध्या, और सुल्तानपुर सहित दर्जनों जिलों में बिजली गिरने (Lightning) की घटनाएं हो सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने इस दौरान खेतों में काम करने वाले लोगों और पशुपालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि अचानक होने वाली बिजली की कड़क जानलेवा साबित हो सकती है।

तापमान में बड़ी राहत

महीने की शुरुआत से ही तप रहे उत्तर प्रदेश को इस मौसमी बदलाव से गर्मी में बड़ी राहत मिलने जा रही है। अनुमान है कि 8 अप्रैल को होने वाली इस हलचल के चलते दिन के अधिकतम तापमान में 3°C से 5°C तक की भारी गिरावट आएगी। हालांकि, यह राहत अस्थायी है, लेकिन उमस और लू से जूझ रहे लोगों को इससे काफी सुकून मिलेगा। आसमान में बादलों का डेरा होने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना तो होगा, लेकिन विभाग ने आगाह किया है कि बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे न खड़े हों।

मुरादाबाद में आंधी ने मचाया तांडव

मौसम के बदलते तेवरों का असर अभी से दिखना शुरू हो गया है। मुरादाबाद में आज अचानक आई तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया है। शहर की मानसरोवर और शास्त्री नगर कॉलोनियों में आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़ गए। इन पेड़ों की चपेट में आने से कई कारें और ई-रिक्शा बुरी तरह पिचक गए हैं। इतना ही नहीं, बिजली के खंभे गिरने से कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे हजारों परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। मुरादाबाद की यह घटना आने वाले 24 घंटों के खतरे का साफ संकेत दे रही है।

Also Read
View All