मुरादाबाद

Viral Video में देखिए, UP Police का यह दरोगा कैसे खुलेआम ले रहा घूस

दिव्यांग लड़की के लापता होने पर केस दर्ज करने के बजाय दरोगा ने पीड़ित परिवार को दिखाया पुलिस का खौफ, पीड़ितों ने बिछाया जाल तो फंस गया दरोगा
2 min read
• •
Updated: 11 Dec 2017, 11:48 AM IST
Moradabad

मुरादाबाद. पाकबाड़ा थाना क्षेत्र की ग्रोथ चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज का रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मोबाइल से बनाई गई इस वीडियो क्लिप में रिश्वतखोर दरोगा पैसे लेकर जेब में रखते हुए नजर आ रहा है। ग्रोथ सेंटर पुलिस चौकी में तैनात दरोगा ललित भाटी के वायरल वीडियो के सामने आने के बाद उन्हें लाइन हाजिर कर मामले की जांच सीओ हाइवे को सौंपी गई है। वायरल वीडियो में रिश्वत लेते दरोगा पर आरोप है कि एक दिव्यांग लड़की की गुमशुदगी दर्ज करने के बजाय दरोगा ने पीड़ित परिवार को लड़की की हत्या में फंसाने की धमकी दी थी और मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी देकर पैसे वसूल रहा था।

यह भी पढ़ें- गुजरात चुनाव को लेकर आजम खान ने की ये भविष्‍यवाणी, देखें वीडियो-

जानकारी के मुताबिक पाकबाड़ा थाना क्षेत्र के रतनपुर कला में रहने वाली एक दिव्यांग लड़की बीते 30 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गयी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को लड़की के गायब होने की सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज करने की मांग की थी। पीड़ितों के मुताबिक दरोगा ने गुमशुदगी दर्ज करने के बजाय उल्टे परिजनों पर ही युवती की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया और मुकदमा दर्ज कर पीड़ित परिजनों को जेल भेजने की धमकी दी।

पीड़ित पक्ष ने जब गुहार लगाई तो रिश्वतखोर दरोगा ने एक लाख रुपये देने की मांग की। इसके बाद 15 हजार रुपये की तीन किस्तों में पैसा देना तय हुआ था। दूसरी किस्त के 15 हजार रुपये देते हुए पीड़ित पक्ष ने दरोगा ललित भाटी का स्टिंग कर लिया और वीडियो को वायरल कर दिया। मामले के सामने आने के बाद एसएसपी ने सीओ हाइवे को मामले की जांच सौंपी है। साथ ही आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है।

Published on: