.. 12 ब्लॉक स्पॉट पर हादसे रोकने सुधार कार्य पर जोर- वर्ष 2022 में जिले में हुए सबसे ज्यादा हादसे... अब सड़क सुरक्षा सप्ताह चलाकर हादसों में कमी लाने की कवायद
मुरैना
यातायात नियमों की अनदेखी और शराब पीकर वाहन चलाने के साथ बिना हेलमेट और लापरवाही व तेज रफ्तार वाहन चलाने से दो साल में 2081 सड़क हादसों में 569 लोगों ने जान गंवाई। 2022 में हुए 1106 सड़क हादसों में 296 लोगों ने अपनी जान गंवाई। 2021 में हुए 975 सड़क हादसों में 273 लोगों की जान गई। वर्ष 2022 में जिले में सबसे ज्यादा हादसे हुए।
जिले में 12 ब्लैक स्पॉट पुलिस ने चिन्हित किए हैं जहां सबसे ज्यादा हादसे हुए। इन ब्लैक पाइंट पर हादसे रोकने के लिए सुधार का काम करने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस के साथ प्रशासनिक स्तर पर भी हादसे रोकने जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी द्वारा हादसों में कमी लाने 11 जनवरी से 17 जनवरी तक चलाए गए सड़क सुरक्षा सप्ताह में लोगों को हेलमेट पहनने के साथ यातायात नियमों का पालन करने को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
ब्लैक स्पॉट पर सुधार के काम पर फोकस
12 स्पॉट जिन पर सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं होती हैं वहां सुधार पर फोकस किया जा रहा है। स्पॉट को दुरस्त कर आने वाले दो वर्ष में होने वाली दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत कमी लाने पर अफसरों का फोकस है। यातायात नियमों का पालन करने जिले में जगह-जगह बैनर लगाए गए हैं। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कर दुर्घटनाएं रोकने पर भी अफसर मंथन कर चुके हैं।
सड़क दुर्घटनाओं के कारण
कई बार चालक आराम किए बिना ही लंबी दूरी तय करते हैं। ऐसे में गाड़ी चलाते चलाते अक्सर नींद आने की वजह से भी सड़क दुर्घटनाएं होती है। कई मामलों में देखा गया है कि शराब पीकर गाड़ी चलाने से भी कई बड़ी दुर्घटनाएं हुई हैं। गाड़ी को आराम ना देना और लगातार गाड़ी को यात्रा मार्गों पर दौडऩे से भी सड़क हादसे होते हैं। इतना ही नहीं खराब सड़कें, खतरनाक मोड़ भी सड़क हादसों का मुख्य कारण बनते हैं। इसके साथ ही ओवरलोडिंग भी कई सड़क हादसों का मुख्य कारण है। ओवरस्पीड भी हादसों का मुख्य कारण बनती है।
क्या कहते हैं यातायात डीएसपी
सड़क दुर्घटनाओं को लेकर यातायात डीएसपी आरके अहिरवार कहते हैं कि हमने उन सड़कों को सही करवाया है, जहां लगातार सड़क हादसे होते थे। हम ओवर स्पीड और ओवर लोडिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर नियमित रूप से काम कर रहे हैं, उन्होंने कहा ये चिंता का विषय है कि सड़क हादसे हो रहे हैं। इसमें ड्राइवर और सवारी दोनों को भी ध्यान रखना होगा, जहां भी कमियां हैं उन्हें हम सभी को ठीक करना होगा।
वर्सन
हादसे रोकने के लिए विभिन्न बिन्दुओं पर काम किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी कई निर्णय लिए हैं। लोगों को जागरूक करने जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
नरोत्तम भार्गव, एडीएम, मुरैना
फैक्ट
वर्ष 2021
हादसे 975
मौत 273
वर्ष 2022
हादसे 1106
मौत 296
ब्लैक स्पॉट 12