मुरैना

सोशल मीडिया पर वीडियो डाल रहा डकैत कल्ली गुर्जर, फिर भी नहीं ढूंढ पा रही पुलिस, मुरैना में बीहड़ में 200 जवान कर रहे सर्चिंग

Dacoit Kalli Gurjar: 60 हजार रुपए का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर पुलिस की गिरफ्त से दूर, नेटवर्क एरिया में एक्टिव डकैत को नहीं ढूंढ पा रही तीन जिलों की पुलिस।
2 min read
• •
Oct 15, 2026
Dacoit Kalli Gurjar
dacoit kalli gurjar video challenge, डकैत कल्ली गुर्जर की फाइल फोटो (Source-Patrika)

Morena Dacoit Kalli Gurjar: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले का कुख्यात डकैत कल्ली गुर्जर सोशल मीडिया पर एक्टिव और अपने दुश्मन करुआ गुर्जर को लगातार चुनौती दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस उस तक पहुंच नहीं पा रही है। तीन जिलों की पुलिस के 200 जवानों को चकमा दे रहे 60 हजार के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर ने बुधवार को भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया है, गुरुवार को सामने आए इस वीडियो में डकैत कल्ली गुर्जर अपने दुश्मन करुआ गुर्जर को चैलेंज दिया है। वीडियो में कल्ली गुर्जर मुरैना के महेश्वरा मंदिर के सामने खड़ा दिखाई दे रहा है और कह रहा है कि मैं मंदिर पर आ गया हूं, दम है तो आकर मिल लो।

करुआ गुर्जर को कल्ली गुर्जर की चुनौती

जो वीडियो सामने आया है उसमें डकैत कल्ली गुर्जर अपने विरोधी करुआ गुर्जर को फोन कर ललकार रहा है। वीडियो में कल्ली गुर्जर कह रहा है कि मैं मुरैना के महेश्वरा मंदिर पर आ गया हूं, दम है तो आ जाओ मिलने। बता दें कि दो दिन पहले डकैत कल्ली गुर्जर के विरोधी करुआ गुर्जर ने वीडियो जारी कर कल्ली गुर्जर को महेश्वरा मंदिर पर मिलने की चुनौती दी थी। इसके बाद बुधवार को कल्ली गुर्जर मंदिर पहुंचा और वीडियो रिकॉर्ड कर करुआ गुर्जर को भेजा है।

कल्ली और करुआ गुर्जर के बीच सोशल मीडिया पर हो रही 'जंग'

डकैत कल्ली गुर्जर और उसके विरोधी करुआ गुर्जर के बीच लगातार सोशल मीडिया पर खुल्लम-खुल्लम चैलेंज दिए जा रहे हैं। पहले करुआ गुर्जर ने वीडियो जारी कर डकैत कल्ली गुर्जर और उसके परिवारवालों के लिए अपशब्द कहे थे। इसके बाद चार दिन में चार वीडियो कल्ली गुर्जर की ओर से जारी किए जा चुके हैं। जिनमें कल्ली गुर्जर करुआ गुर्जर को ललकारते हुए मिलने के लिए बुला रहा है।

200 जवान कर रहे सर्चिंग

हैरानी की बात ये है कि 60 हजार रुपये के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर को पकड़ने के लिए एक तरफ 200 जवान बीहड़ों और जंगलों में मुरैना, ग्वालियर और राजस्थान में सर्चिंग कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कल्ली गुर्जर खुलेआम वीडियो जारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि कल्ली गुर्जर लगातार राजस्थान से चंबल पार कर मुरैना और ग्वालियर जिले की सीमाओं में मूवमेंट कर रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इधर पुलिस का कहना है कि जो वीडियो सामने आया है उसकी जांच की जा रही है और लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस जल्द ही डकैत कल्ली गुर्जर को गिरफ्तार करने की बात भी कह रही है।

Updated on:
15 Oct 2026 05:00 pm
Published on:
15 Oct 2026 03:37 pm