- कलेक्टर ने कक्षा एक से 5 तक संचालित स्कूलों के लिए जारी किया आदेश
मुरैना
सर्द हवाओं के साथ-साथ शीतलहर पड़ रही है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। वहीं अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसे देखते हुए कलेक्टर अंकित अस्थाना ने कक्षा एक से 5 तक के स्कूल 7 जनवरी तक बंद कर दिए हैं। कलेक्टर ने अपने आदेश में अत्याधिक ठंड और शीत लहर चलने का हवाला दिया है। साथ ही कहा है कि इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पढ़ सकता है।
न्यूनतम तापमान एक दिन पहले तक जहां 5 डिग्री सेल्सियस था वह अब 4.5 जा पहुंचा है। रात का तापमान लुढ़कने के साथ ही अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 18 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जिससे रात के साथ ही दिन में ठिठुरन बढ़ गई है। दिनभर शीतलहर का प्रकोप होने से पूरा दिन लोग ठंड से बेहाल रहे। हालांकि दोपहर में हल्की धूप निकली मगर ज्यादा राहत नहीं दे पाई। शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा फैल गया।
कोहरे व कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन बेहाल है। पशु-पक्षी भी सर्दी के इस मौसम में परेशान हैं। अलाव के अलावा लोग घरों में हीटर व ब्लोवर के सहारे ठंड से छुटकारा पाने में लगे हैं। मंगलवार की सुबह मौसम में और परिवर्तन हुआ। आसमान में धुंध छाई थी जिससे तापमान और गिर गया। दोपहर ढाई बजे के करीब धूप निकलने से हल्की राहत मिली, लेकिन रात होते होते ठंड का प्रकोप फिर बढ़ गया।