मुरैना

मकान की खिड़की पर QR कोड, पेमेंट के बाद सस्ती शराब; मुरैना में घर से चल रहा था अवैध ठेका

Illegal Liquor: घर में रखे फ्रिज और अलमारी के लॉकर तक में मिली शराब, महिला घर से बेचती थी सस्ते दाम पर शराब, छापे में मिला शराब का जखीरा।
2 min read
Sep 06, 2026
Illegal Liquor
illegal liquor home liquor shop qr code, घर में रखी शराब की बोतलें (Source-Patrika)

मुरैना से अरविंद शर्मा की रिपोर्ट
Morena Illegal Liquor: मध्यप्रदेश के मुरैना में पुलिस ने रविवार शाम को मकान से शराब का जखीरा बरामद किया है। मकान में अवैध रूप से शराब ठेका संचालित किया जा रहा था। बताया गया है कि महिला घर से शराब ठेके से भी सस्ते दामों पर शराब बेचती थी। सागर जिले में शराब पीने के कारण 18 लोगों की मौत होने और 80 लोगों की तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद सतर्क हुई पुलिस ने मुरैना में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मकान से पुलिस ने बड़ी मात्रा में अंग्रेजी, देशी शराब के साथ बीयर भी जब्त की है।

खिड़की पर लगा रखा था QR कोड

मुरैना शहर की कोतवाली पुलिस ने संजय कॉलोनी की पटी गली में छापा मारकर रजनी सिकरवार नाम की महिला के घर से करीब 84 लीटर अवैध शराब जब्त की। पुलिस टीम ने महिला को घर के दरवाजे के पास शराब बेचते हुए पकड़ा है। तलाशी में रॉयल स्टैग व्हिस्की, बीयर और देशी शराब की पेटियां मिलीं हैं। बताया जा रहा है कि घर की एक खिड़की पर क्यूआर कोड लगा हुआ था और इसी पर पेमेंट करने के बाद महिला लोगों को शराब बेचती थी। लोगों का ये भी कहना है कि ठेके से भी कम दामों पर महिला के द्वारा शराब व बीयर बेची जाती थी और इसी कारण उसके घर पर शराब ठेकों से भी ज्यादा शराब खरीदने वालों की भीड़ लगती थी।

देखें वीडियो-

फ्रिज और अलमारी के लॉकर में भी मिली शराब

पुलिस ने जब महिला रजनी के घर पर छापा मारा और अंदर पहुंची तो अलमारी, फ्रिज और अलमारी के लॉकर में तक शराब रखी हुई थी। इतना ही नहीं कमरे में खुले में शराब की पेटियां रखीं थीं और उनकी बिक्री के बाद मिले रुपये भी रखे हुए थे। पुलिस के मुताबिक कमरे और अलमारी से 33 क्वार्टर रॉयल स्टैग, 4 बोतल रॉयल स्टैग, 7 कैन किंगफिशर बीयर, 17 कैन लेमाउंट बीयर, 50 क्वार्टर वाली एक पेटी देशी लाल मसाला और 50-50 क्वार्टर वाली 5 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई। जांच के लिए प्रत्येक पेटी से दो-दो क्वार्टर निकालकर सीलबंद किए गए।

पूछताछ में दामाद का नाम, दस्तावेज नहीं दिखा सकी

पुलिस ने शराब के वैध दस्तावेज मांगे तो रजनी कोई कागजात नहीं दिखा सकी। पूछताछ में उसने बताया कि शराब उसका दामाद गोलू उर्फ विजय परमार खरीदकर लाया था। पुलिस ने उसके कथन का मेमोरेण्डम तैयार किया है। महिला आरक्षक प्रिंसी गर्ग और सुमन गुर्जर की मौजूदगी में शराब जब्त की गई। रजनी को गिरफ्तार कर लिया गया। आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमित भदौरिया टीआई शहर कोतवाली ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद शहर में कार्रवाई करते हुए महिला के घर से शराब पकड़ी गई है।

Updated on:
06 Sept 2026 10:10 pm
Published on:
06 Sept 2026 10:10 pm