
Morena- मुरैना में एक शख्स ने खुद अपना परिवार खत्म कर लिया। शुक्रवार रात उसने अपनी पत्नी को काट डाला और दोनों बेटों की भी हत्या कर दी। पत्नी और बेटों के मर्डर के बाद हत्यारे ने खुद भी अपनी जान दे दी। FSL टीम और पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और जांच में जुट गई है। हालांकि अभी वारदात की वजह सामने नहीं आई है, पुलिस इसका पता कर रही है।
मुरैना के किशनपुर गांव में यह दुखद घटना घटी। यहां के बलराम सिंह कुशवाहा ने अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की हत्या कर दी। तीनों को कुल्हाड़ी से काटकर वह रेलवे लाइन पहुंच गया और किसी ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
बसैया के थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि 35 वर्षीय बलराम ने घर के आंगन में तीनों हत्याएं कीं। इसके बाद गांव के पास शिकारपुर रेलवे फाटक पर ट्रेन से कट गया।
वारदात की जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों के अनुसार शनिवार सुबह गांव के लोगों ने मामले की सूचना दी। पड़ोसियों ने बताया कि घर का मेन गेट बाहर से बंद था। इसपर हमें शक हुआ। बलराम के मकान के सामने ऊंची बाउंड्री बाल बनी है। कुछ युवक उसके ऊपर गए तो आंगन का नजारा देखकर सहम उठे। वहां बलराम की पत्नी और दोनों बच्चों की रक्त रंजित लाशें पड़ीं थीं। वह कहीं नहीं दिखाई दिया। इसपर पुलिस को खबर की।
पुलिस तत्काल किशनपुर पहुंच गई और तीनों शवों को बरामद किया। इस बीच बलराम की भी आत्महत्या की सूचना आ गई। पता चला कि उसने शिकारपुर में ट्रेन से कटकर जान दे दी है। पुलिस की एक टीम रेलवे फाटक पर भी पहुंच गई और उसका शव बरामद किया।
बलराम ने अपनी परिजनों को बेरहमी से मारा। उसने न केवल अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा बल्कि दोनों मासूम बेटों को भी नहीं छोड़ा। बलराम ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, अभी तक यह राज सामने नहीं आ सका है। पुलिस पूछताछ करने में लगी है।
खबर अपडेट की जा रही है…