मुरैना

भाभी के साथ दो बच्चों को मायके से लेकर लौट रहा था देवर, ग्वालियर-मुरैना हाईवे पर चारों की मौत

Morena Road Accident : NH-44 पर जेके टायर फैक्ट्री के सामने शाम 4:45 बजे दर्दनाक हादसा हुआ, मुरैना से ग्वालियर जा रहे चारों बाइक सवार कचरा गाड़ी से टकराकर गिरे, पीछे से निकले अज्ञात वाहन ने कुचला।
2 min read
Morena Road Accident
हादसे के बाद घटना स्थल का दृष्य (फोटो सोर्स: Patrika)

Morena News :मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार की शाम एक रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार चिराग बुझ गए। नूराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत जेके टायर फैक्ट्री के सामने सड़क पर खड़े कचरा वाहन से बाइक टकराने के बाद नीचे गिरे देवर-भाभी और दो मासूम बच्चों को पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसे की विभीषिका इतनी भयानक थी कि चारों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4:45 बजे बाइक पर चार लोग सवार होकर मुरैना से ग्वालियर की ओर जा रहे थे। जब वे जेके टायर फैक्ट्री के सामने पहुंचे, तो सड़क किनारे खड़े कचरा ढोने वाले वाहन से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। जोरदार टक्कर लगते ही चारों बाइक सवार उछलकर नेशनल हाईवे की मुख्य लेन पर जा गिरे। दुर्भाग्य से, उसी क्षण पीछे से बेहद तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात भारी वाहन ने सड़क पर गिरे चारों लोगों को रौंद दिया। अज्ञात वाहन चालक वारदात के बाद गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया।

हादसे में काल के गाल में समाए मृतक

सूरज कुशवाह (18 वर्ष) पुत्र दीवान कुशवाह, निवासी ग्राम बासी (बाइक चालक)। नीरज कुशवाह (20 वर्ष) पत्नी अजय कुशवाह, निवासी भोना का पूरा, लोहगढ़ (सूरज की भाभी), श्रीकांत कुशवाह (10 वर्ष) पुत्र श्रीचंद कुशवाह (मासूम बच्चा) और राजकुमारी (8 वर्ष) पुत्री बलबीर कुशवाह (मासूम बच्ची) मृतका नीरज का मायका मुरैना के लोहगढ़ गांव में है। देवर सूरज अपनी भाभी और परिवार के दो बच्चों को लेकर घर लौट रहा था, तभी नियति ने यह क्रूर खेल खेल दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही नूराबाद थाना प्रभारी सौरव पुरी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। दर्दनाक मौत की खबर मिलते ही बदहवास परिजन अस्पताल और पीएम हाउस पहुंचे, जहां कोहराम मच गया। थाना प्रभारी सौरव पुरी ने बताया कि, चारों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया है। हाईवे पर लगे टोल और आसपास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चारों को कुचलकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Updated on:
17 Sept 2026 07:55 pm
Published on:
17 Sept 2026 06:04 pm