
पंडाल में आकर्षण का केंद्र बने स्लोगन (फोटो सोर्स: Patrika)
Sidhi News : एक तरफ जहां मध्य प्रदेश में इन दिनों गणेशोत्सव की धूम है। वहीं, दूसरी तरफ सूबे के सीधी में गणपति की भक्ति के बीच पुलिस का जागरूकता वाला अंदाज भी देखने को मिल रहा है। पुलिस द्वारा अलग अंदाज में दिए गए इस जागरुकता संदेश को शहरवासियों द्वारा खासा सराहनीय कदम बताया जा रहा है।
आपको बता दें कि, शहर में स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के सामने विराजे भगवान गणेश शहर के श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके पीछे की वजह है पंडाल के अंदर लगे पोस्टर, जिनपर खास स्लोगन लिखे है। ये स्लोगन समाज को नशे और साइबर अपराध से बचाने का संदेश दे रहे हैं। संदेश साफ है कि, भक्ति के साथ जागरूकता भी जरूरी है।
पुलिस विभाग की ओर से कंट्रोल रूम परिसर में स्थापित की गई भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर रोज पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां लोगों के बीच गणपति प्रतिमा के साथ - साथ आसपास लगे जागरूकता संदेशों पर भी लोगों का खासा ध्यान आकर्षित हो रहा है। पंडाल में लिखा है 'गणपति का यही संदेश नशा मुक्त हो हमारा देश'। यही नहींस यहां अलग - अलग पोस्टरों पर गांजा, चरस, अफीम समेत दूसरे नशीले पदार्थों की पहचान और उनके दुष्परिणामों से जुड़े स्लोगन लिखे गए हैं। साथ ही, साइबर अपराध से बचाव के टिप्स बताते हुए जागरूकता और 'नशे से दूरी है जरूरी' जैसे संदेश भी दिए गए हैं।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी का कहना है कि, सीधी को ड्रग से मुक्त करने के लिए 'नशा मुक्त' संदेश लिखा गया है। वहीं, उन्होंने भी सीधी की जनता नशे से दूर रहने की अपील की, साथ ही शहरवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं भी दीं।
Updated on:
17 Sept 2026 04:03 pm
Published on:
17 Sept 2026 04:03 pm
