मुरैना

नगर सरकार का खजाना खाली अधूरी विकास की आस

- 25 करोड़ का संपत्तिकर बकाया, वसूली हुई डेढ़ करोड़, अन्य कर की वसूली हालत भी खराब- नगर निगम के अफसर कर वसूली को लेकर नहीं गंभीर
2 min read
Jan 04, 2023
नगर सरकार का खजाना खाली अधूरी विकास की आस
नगर सरकार का खजाना खाली अधूरी विकास की आस

मुरैना
नगर सरकार आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं। इस कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शहर में लाखों लोग यह आस लगाए बैठे हैं कि एक दिन उनके घर के सामने सड़क बनेगी। उस पर जो पानी भरता है, वो भी रुकेगा। घर के बाहर स्ट्रीट लाइट रात होते ही जल जाएगी, लेकिन अव्यवस्था का आलम यह है कि अधिकारी आय की बैलेंस शीट को ही बिगाड़ बैठे हैं। कहां से पैसा आना है। इसको लेकर वह गंभीर नहीं है। बीते रोज राजस्व समीक्षा बैठक में अफसरों ने आय बढ़ाने को लेकर मंथन किया और यह स्वीकार किया कि माली हालत ठीक नहीं है।
राजस्व वसूली में शहरी सरकार के नुमाइंदे फेल हैं। संपत्तिकर, जलकर, दुकान किराया से लेकर टोल प्लाजा तक पर बकाया है। नगरीय विकास कर के जरिए निकाय को सर्वाधिक पैसा मिलता है, लेकिन शहरी सरकार इस पर गंभीर नहीं हैं। कर की वसूली का काम निगम के कर्मचारी नहीं कर पा रहे हैं। वसूली का काम पुराने ढर्रे पर चल रहा है। उसी का परिणाम है कि संपत्तिकर 25 करोड़, जलकर दो करोड़, दुकान किराया दो करोड़ समेत अन्य कर की वसूली नहीं हो पा रही है।
कमाई नहीं तो खर्चा भी नहीं कर पा रहे
भारी भरकम बजट पेश कर विकास के सपने दिखाए जाते हैं, लेकिन राजस्व वसूली न होने से विकास कार्य नहीं हो पाते। अन्य शहरों की तुलना में मुरैना काफी पीछे है। शहर में निगम वसूली नहीं कर पा रहे हैं। नगर निगम आयुक्त संजीव कुमार जैन भी राजस्व अमले पर वसूली पर ध्यान नहीं देने की बात कह चुके हैं।
वसूली करने टीम बनाने का दावा
नगर निगम के अफसर कर की वसूली के लिए टीम बनाने का दावा कर रहे हैं। इतना ही नहीं उनका कहना है कि वार्ड वार शिविर लगाकर संपत्तिकर के साथ अन्य करों की वसूली की जाएगी। कर वसूली न होने से विकास के काम रूके हैं। कई निर्माण कार्य भी अधूरे हैं। कर वसूली के बाद इन कार्यों को पूरा किया जाएगा।
फैक्ट फाइल
संपत्तिकर बकाया: 25 करोड़
वसूली हो सकी : डेढ़ करोड़
जलकर बकाया: 2 करोड़
वसूली हो सकी: 26 लाख
दुकान किराया बकाया 2 करोड़
वसूली हो सकी 61 लाख
टोल प्लाजा पर बकाया 22 लाख
वर्सन
राजस्व वसूली नहीं हो पा रही है। हमने अब कर वसूली के लिए दल बनाए हैं। यह शिविर लगाकर कर वसूली की प्रक्रिया को पूरी करेंगे। बड़े बकायादारों के यहां अगर मुझे भी जाना पड़ा तो जाऊंगा।
संजीव कुमार जैन
आयुक्त, नगर निगम मुरैना

Updated on:
04 Jan 2023 12:28 pm
Published on:
04 Jan 2023 12:28 pm