
Railway Accident: मध्यप्रदेश के मुरैना से बड़ी खबर सामने आ रही है, मुरैना में ट्रेन में आग लगने की अफवाह के बाद घबरा कर ट्रेन से उतरे लोग दूसरी पटरी पर आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 6 लोगों की मौत की सूचना है, हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना मुरैना रेलवे स्टेशन के पास की है। बताया जा रहा है कि उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद अफरातफरी मची और ट्रेन से लोग नीचे उतर गए, इसी दौरान दूसरी पटरी पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से लोगों की मौत हुई है। कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना मिली है।
जनसंपर्क विभाग उत्तर मध्य रेलवे से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक लगभग 16:15 बजे उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर (HET) – धौलपुर (DHO) रेलखंड में गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच (इंजन से दूसरा कोच) में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग (ACP) किए जाने के कारण गाड़ी सेक्शन में रुक गई। प्राप्त प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, गाड़ी के रुकने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर समीपवर्ती रेल लाइन पर चले गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
(खबर अपडेट की जा रही है)