
woman shot during 84 kos parikrama thought it was a pebble, पैर में लगी गोली को कंकड़ समझती रही महिला (source-patrika)
वीरेन्द्र जोशी
Rajgarh Woman Shot During 84 Kos Parikrama: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के पैर में गोली लग गई, हैरानी की बात ये है कि महिला गोली को कंकड़ समझती रही। महिला इस उम्मीद में घर पर ही घाव पर कपड़े की पट्टी बांधकर मरहम-पट्टी करती रही कि समय के साथ घाव भर जाएगा। 15 दिन बाद भी जब घाव नहीं भरा तो वो डॉक्टर के पास पहुंची और एक्स-रे कराने पर पता चला कि पैर में गोली लगी है। 17वें दिन ऑपरेशन कर महिला के पैर से गोली को निकाला गया है, अब महिला पूरी तरह से स्वस्थ्य है।
शहर थाना टीआइ शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि पड़ोसी जिला गुना के चांचौड़ा के खातोली गांव की भूरिया बाई पत्नी मिश्रीलाल लोधा 75 साल अपने परिजनों व अन्य ग्रामीणों के समूह के साथ बीती 26 मई को मथुरा- वृंदावन की यात्रा करने गई थी। जहां 27 मई को एकादशी के मौके पर वह अपने परिजनों के साथ 84 कोस की परिक्रमा कर रही थी। तभी महोली गांव में एक भंडारे को लेकर दो पक्षों में उपजे विवाद के दौरान हुई क्रॉस फायरिंग के समय उक्त वृद्धा वहां से गुजर रही थी। इसी फायरिंग में भूरिया बाई के बाएं पैर में एक गोली लग गई थी।
महिला भूरिया बाई ने पुलिस को बताया कि उसे ऐसा लगा कि पैर में कुछ चुभा है। उसने सोचा कोई कंकड़ चुभ गया होगा, पैर से खून निकल रहा था तो एक कपड़ा बांधा और अपनी परिक्रमा पूरी की। परिक्रमा पूरी कर वो वापस अपने गांव लौट आई। 15 दिनों तक वो घाव भरने का इंतजार करते हुए घर पर ही कपड़ा बांधकर मरहम-पट्टी करती रही। दिन गुजरते गए लेकिन घाव नहीं भरा और दर्द बढ़ता गया तो स्थानीय डॉक्टर के पास पहुंची।
डॉक्टर ने एक्स-रे कराया तो पैर में गोली लगी होने का पता चला। इसके बाद राजगढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर पैर से गोली निकाली गई। शहर थाना टीआइ शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि महिला भूरिया बाई के बयान दर्ज किए गए हैं और क्योंकि घटना मथुरा की है इसलिए प्री एमएलसी बनाकर महोली पुलिस को भेजी है। अब आगे की जांच महोली थाना पुलिस के द्वारा की जाएगी।
Updated on:
18 Jul 2026 03:50 pm
Published on:
13 Jun 2026 09:03 pm
