मुंबई

Maharashtra: हर साल 3 गैस सिलेंडर मुफ्त! बजट में महिलाओं के लिए खुला सौगातों का पिटारा

Maharashtra Budget 2024 : महाराष्ट्र के वित्त मंत्री अजित पवार ने अनुपूरक बजट में लाडली बहना योजना की घोषणा की है।

2 min read
Jun 28, 2024

Maharashtra Annapurna Yojana : महाराष्ट्र के वित्त मंत्री अजित पवार ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा में वर्ष 2024-25 के लिए अनुपूरक बजट पेश किया। डिप्टी सीएम पवार ने बजट में मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना की घोषणा की है। इस योजना के अनुसार, पात्र परिवारों को अब प्रति वर्ष तीन सिलेंडर मुफ्त मिलेंगे।

बजट में मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना का ऐलान

अपने बजट संबोधन में अजित पवार ने कहा, भोजन पकाने में इस्तेमाल होने वाले ईंधन और महिलाओं के स्वास्थ्य के बीच गहरा संबंध है। यदि हम महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को कम करना चाहते हैं तो उन्हें स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। इस दिशा में एलपीजी गैस का उपयोग सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है। इसलिए हम इसका इस्तेमाल बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। पात्र परिवारों को प्रति वर्ष मुफ्त में तीन गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए हम मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना की घोषणा कर रहे है ताकि गैस सिलेंडर सभी के लिए किफायती हो सके।

अजित पवार ने आगे बताया कि इस योजना से पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी और 52 लाख 16 हजार 412 लाभार्थी परिवारों को इस योजना का लाभ दिया जाएगा।

महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान-

महिलाओं को सशक्त बनाने से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में बताते हुए अजित दादा ने कहा, महाराष्ट्र में 6 लाख से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह कार्यरत हैं और इनकी संख्या बढ़ाकर 7 लाख की जाएगी। साथ ही उनके लिए फंड की राशि 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार कर दी गई है।

इसके अलावा महिला लघु उद्यमियों द्वारा लिए गए 15 लाख रुपये तक के ऋण पर ब्याज चुकाने के लिए सरकार द्वारा आई योजना शुरू की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अत्याचार के मामलों की सुनवाई के लिए 100 विशेष फास्ट ट्रैक अदालतों को आवश्यक धन उपलब्ध कराया जाएगा।

विवाहित लड़कियों के लिए लागू शुभमंगल योजना की धनराशि बढ़ा दी गई है। इस फंड को 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार कर दिया गया है. इस वर्ष महायुति सरकार ने 25 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। प्रदेश में महिलाओं को 10 हजार पिंक रिक्शा दिए जाएंगे। पात्र लड़कियों को व्यावसायिक शिक्षा में सौ फीसदी छूट दी जायेगी।

Updated on:
28 Jun 2024 07:53 pm
Published on:
28 Jun 2024 07:52 pm
Also Read
View All

अगली खबर