मुंबई

मुंबई में बड़ा रेल हादसा, लोकल ट्रेन से गिरे 10 यात्री, कई की मौत

Mumbai Local Train Accident: फिलहाल मृतकों की संख्या स्पष्ट नहीं है, हालांकि ठाणे नगर निगम ने 1 व्यक्ति की मौत और 9 के घायल होने की सूचना दी है।
less than 1 minute read
Jun 09, 2025
Harbour Local delay

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के पास मुंब्रा और दिवा स्टेशन के बीच एक दुखद हादसा हुआ है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कर्जत-कसारा रूट पर चल रही एक लोकल ट्रेन से 8 से 10 यात्री गिर गए, जिससे हड़कंप मच गया। यह हादसा कल्याण की ओर जाने वाली फास्ट लाइन पर हुआ।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि CSMT की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन और कसारा की ओर जा रही दूसरी लोकल ट्रेन में सवार कुछ यात्री दरवाजे पर लटक रहे थे। दोनों ट्रेनें पास से गुज़रते समय यात्री एक-दूसरे से टकरा गए, जिससे वे नीचे गिर पड़े।

इस घटना की सूचना कसारा लोकल ट्रेन के गार्ड ने दी थी। रेलवे प्रशासन ने तुरंत इस पर संज्ञान लिया और घायलों को मदद पहुंचाई जा रही है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिवा-मुंब्रा स्टेशन के बीच कुल 8 यात्री लोकल ट्रेन से गिर गए और उनमें से कुछ की जान चली गई। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। घायलों को तुरंत शिवाजी अस्पताल और ठाणे जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय प्रशासन समन्वय कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायलों को जल्द ही राहत मिले। रेलवे विभाग ने इस घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।"

Updated on:
09 Jun 2025 12:49 pm
Published on:
09 Jun 2025 12:49 pm